
गोपालपुर में ठाकुर देवता स्थल जा रही थीं महिलाएं, बाइक सवार तीन युवक भी हादसे की चपेट में आए; चालक की हालत गंभीर
कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के दर्री थाना क्षेत्र अंतर्गत गोपालपुर में शुक्रवार रात करीब 8 बजे भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार बुलेट बाइक ने जसगीत गाने जा रही महिलाओं की टोली को टक्कर मार दी। हादसे में दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गईं। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।
मादर-ढोल लेकर जा रही थीं महिलाएं
जानकारी के अनुसार, गोपालपुर गांव की सात से नौ महिलाएं मादर-ढोल लेकर ठाकुर देवता स्थल पर जसगीत गाने जा रही थीं। इसी दौरान बुलेट बाइक पर सवार तीन युवक तेज रफ्तार से वहां पहुंचे और महिलाओं की टोली को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी गंभीर थी कि दो महिलाओं की जान चली गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गईं।
मृतकों की पहचान, गांव में मातम
हादसे में जान गंवाने वाली महिलाओं की पहचान 53 वर्षीय बिंदा महंत और बरबस महंत के रूप में हुई है। दोनों गोपालपुर की निवासी और आपस में रिश्तेदार थीं। घटना के बाद गांव में चल रहे डांडिया और जसगीत कार्यक्रम बंद कर दिए गए। हादसे से पूरे गांव में शोक व्याप्त है।
बाइक चालक की हालत गंभीर
बताया जा रहा है कि बुलेट चालक राहुल गंभीर रूप से घायल है, जबकि बाइक पर सवार दो अन्य युवकों को मामूली चोटें आई हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है।
पुलिस कर रही हादसे की जांच
सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने दो महिलाओं की मौत की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि मेडिकल कॉलेज से दो मौतों का मेमो प्राप्त हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और बाइक सवारों की भूमिका क्या रही, इसकी विस्तृत जानकारी जांच के बाद सामने आएगी।
















