रायपुर रेंज पुलिस की साइबर ठगों पर कार्रवाई, उत्तर प्रदेश से दो अंतरराज्यीय आरोपी गिरफ्तार

0
100

रायपुर। ऑपरेशन साइबर शील्ड के तहत रायपुर रेंज पुलिस ने साइबर अपराध के दो मामलों में कार्रवाई करते हुए उत्तर प्रदेश से दो अंतरराज्यीय आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक आरोपी पर वरिष्ठ आईएएस अधिकारी सुबोध कुमार सिंह के नाम से फेसबुक पर फर्जी आईडी बनाने का आरोप है, जबकि दूसरा शेयर ट्रेडिंग में मुनाफे का झांसा देकर 88 लाख रुपये की धोखाधड़ी के मामले में गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस के मुताबिक, रायपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक अमरेश मिश्रा ने साइबर अपराधों में शामिल मुख्य आरोपियों की पहचान कर तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर गिरफ्तारी करने के निर्देश दिए थे। इसी के तहत रेंज साइबर थाना रायपुर की टीम ने दोनों मामलों की जांच आगे बढ़ाई।

पहले मामले में सुशांत पनका ने शिकायत की थी कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने वरिष्ठ आईएएस अधिकारी सुबोध कुमार सिंह के नाम से फेसबुक पर फर्जी आईडी बनाई है। इस मामले में राखी थाने में अपराध दर्ज कर जांच रेंज साइबर थाना रायपुर को सौंपी गई। फेसबुक, गूगल और मोबाइल सेवा प्रदाता कंपनियों से मिली जानकारी के तकनीकी विश्लेषण के बाद पुलिस ने उत्तर प्रदेश के हमीरपुर निवासी अर्जुन कुमार जाटव को गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार, आरोपी अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर फर्जी फेसबुक आईडी बनाने और धोखाधड़ी करने में शामिल था। उसके मोबाइल फोन की जांच के दौरान अन्य स्थानीय और राष्ट्रीय स्तर के जनप्रतिनिधियों तथा अधिकारियों के नाम से फर्जी फेसबुक आईडी बनाए जाने से जुड़े साक्ष्य भी मिले हैं। इन मामलों में आगे वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

दूसरे मामले में रश्मि शर्मा ने शेयर ट्रेडिंग में मुनाफा दिलाने का झांसा देकर 88 लाख रुपये की धोखाधड़ी किए जाने की शिकायत दर्ज कराई थी। जांच के दौरान बैंक खातों, मोबाइल नंबरों और व्हाट्सएप से मिले तथ्यों का विश्लेषण कर पुलिस ने मुख्य आरोपियों की पहचान की। इसके बाद कानपुर निवासी प्रवीण कुमार दीक्षित को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी अपने साथियों के साथ मिलकर ‘दीक्षित एजेंसी’ नाम से फर्जी कंपनी के जरिए बैंक खाते खुलवाता था और धोखाधड़ी से प्राप्त रकम उन खातों में मंगाता था। पूछताछ के दौरान अन्य आरोपियों के संबंध में भी जानकारी मिली है। पुलिस ने बताया कि आरोपी द्वारा इस्तेमाल किए गए बैंक खाते के संबंध में देश के अलग-अलग 11 थानों और साइबर सेल में शिकायतें दर्ज हैं।

दोनों गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अर्जुन कुमार जाटव (23), निवासी हमीरपुर, उत्तर प्रदेश और प्रवीण कुमार दीक्षित (46), निवासी कानपुर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here