जयपुर । राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल बीस सूत्रीय कार्यक्रम (टीपीपी) के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर सोमवार को सचिवालय में मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास की अध्यक्षता में उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में वित्तीय वर्ष 2025-26 के अंतर्गत फरवरी 2026 तक की प्रगति की जिला-वार और योजना-वार समीक्षा की गई।
मुख्य सचिव ने कहा कि बीस सूत्रीय कार्यक्रम गरीबी उन्मूलन और कमजोर वर्गों के सामाजिक-आर्थिक सशक्तिकरण का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने सभी विभागों को निर्देश दिए कि समन्वित प्रयासों के साथ योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए, ताकि लाभ लक्षित वर्गों तक समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पहुंच सके।
स्वास्थ्य सेवाओं पर विशेष जोर
बैठक में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर मुख्य सचिव ने सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी) में ऑपरेशन थिएटर को पूर्ण रूप से चालू करने के निर्देश दिए। साथ ही स्वास्थ्य अवसंरचना को मजबूत करने और संस्थागत सेवाओं के बेहतर उपयोग पर भी बल दिया गया।
ग्रामीण विकास योजनाओं की समीक्षा
ग्रामीण विकास से जुड़ी योजनाओं की समीक्षा करते हुए उन्होंने
प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत आवास निर्माण में तेजी लाने,
मनरेगा के तहत मांग आधारित कार्यों को बढ़ावा देने,
और राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के जरिए आजीविका सशक्तिकरण को मजबूत करने के निर्देश दिए।
कम प्रदर्शन वाले जिलों के लिए समयबद्ध सुधार योजनाएं तैयार करने पर भी जोर दिया गया।
जवाबदेही और समन्वय पर फोकस
मुख्य सचिव ने जिला स्तर पर गठित समितियों की मासिक समीक्षा बैठकें नियमित रूप से आयोजित करने, डेटा रिपोर्टिंग की शुद्धता बनाए रखने और समय पर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने योजनाओं के बीच बेहतर समन्वय और फील्ड स्तर पर क्रियान्वयन तेज करने के साथ जवाबदेही तय करने पर विशेष बल दिया।
बैठक में विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे, जिन्होंने योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन के लिए सुझाव भी साझा किए।
























