BSP प्रबंधन ने कुछ मांगें मानी, कुछ टाली: देवेंद्र यादव ने तोड़ा अनशन

0
82

भिलाई। सेल भिलाई स्टील प्लांट (BSP) की संपत्तियों के निजीकरण के विरोध में चल रहे सत्याग्रह के बीच विधायक देवेंद्र यादव का अनशन पांचवें दिन समाप्त हो गया। बीएसपी प्रबंधन और जिला प्रशासन के साथ करीब दो घंटे चली अहम बैठक के बाद देर रात विधायक ने छोटी बच्ची के हाथों नारियल पानी पीकर अपना अनशन तोड़ा।

अनशन समाप्त करने से पहले विधायक देवेंद्र यादव ने मंच से कहा कि यह सब भिलाई के आम जन के प्यार और समर्थन से संभव हो पाया है। आगे की रणनीति भिलाई की जनता, ट्रेड यूनियनों, सामाजिक संगठनों और विभिन्न समितियों से चर्चा कर तय की जाएगी।

सेक्टर-9 अस्पताल नहीं बिकेगा

बैठक में बीएसपी प्रबंधन ने स्पष्ट किया कि सेक्टर-9 अस्पताल को न तो बेचा जाएगा और न ही लीज पर दिया जाएगा। अस्पताल के वर्तमान और पूर्व कर्मचारियों की सुविधाओं में किसी तरह की कटौती नहीं होगी। बंद पड़ी यूनिट्स को फिर से शुरू करने पर भी सहमति बनी, ताकि मरीजों को बाहर रेफर न करना पड़े। विधायक ने साफ कहा कि सेक्टर-9 अस्पताल भिलाई का है और अंत तक रहेगा, किसी बाहरी को नहीं आने दिया जाएगा।

मैत्रीबाग राज्य सरकार को देने पर सहमति

मैत्रीबाग को किसी निजी संस्था को नहीं देने पर सहमति बनी। बीएसपी प्रबंधन ने कहा कि यदि छत्तीसगढ़ सरकार लेना चाहे तो मैत्रीबाग राज्य सरकार को दिया जा सकता है। विधायक ने इसे स्वीकार करते हुए कहा कि यह हमारी सरकार है।

स्कूल, रिटेंशन और लीज पर सहमति नहीं

बीएसपी स्कूलों के निजीकरण पर विधायक ने सहमति नहीं दी। उन्होंने कहा कि बिना राज्य सरकार को शामिल किए इस पर आगे बढ़ना स्वीकार्य नहीं है।

रिटेंशन स्कीम पर भी कोई सहमति नहीं बन सकी। विधायक ने दो टूक कहा कि एक भी परिवार को हटने नहीं दिया जाएगा और बढ़ी हुई दरें स्वीकार नहीं होंगी। इस मुद्दे पर आंदोलन जारी रहेगा।

अन्य प्रमुख बिंदु

600 वर्गफुट तक के आवास को लाइसेंस पर देने पर बीएसपी तैयार, लेकिन वर्तमान आवास को ही देने की मांग। दुकानों की रजिस्ट्री में बढ़ी राशि का विरोध जारी रहेगा।

न्यूनतम वेतन को लेकर ट्रेड यूनियनों से चर्चा के बाद आगे की रणनीति बनेगी। मांग न मानी गई तो मेन गेट पर अनशन की चेतावनी।

सेक्टर-9, सेक्टर-7 सहित किसी भी बस्ती का एक भी मकान नहीं हटेगा।ठेका मजदूरों के लिए सेक्टर-5 में स्किल सेंटर खोलने और प्लांट में प्लेसमेंट का आश्वासन। लीज और रिटेंशन मुद्दे पर मार्च निकालने का निर्णय।

यूनियनों की अपील पर टूटा अनशन

सीटू, इंटक, एचएमएस, एससी-एसटी पीएसयू फेडरेशन सहित विभिन्न यूनियन नेताओं और संगठनों ने विधायक से अनशन समाप्त करने की अपील की। भारी संख्या में मौजूद लोगों ने भी एकमत से अनशन तोड़ने का आग्रह किया।

सुरक्षा के कड़े इंतजाम

निर्धारित समय पर दोपहर 3.30 बजे बैठक शुरू हुई। इसके बाद भिलाई निवास को सील कर दिया गया। प्रवेश और निकास द्वार पर सीआईएसएफ जवानों की तैनाती की गई और किसी भी बाहरी व्यक्ति व मीडिया के प्रवेश पर रोक लगा दी गई।

सिविक सेंटर पार्किंग में चल रहा सत्याग्रह फिलहाल जारी है और कई मांगों पर सहमति न बनने के कारण आंदोलन आगे भी जारी रहने के संकेत हैं।

0Shares

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here