बी.पी. मशीन की आड़ में कोकीन मंगाने वाला आरोपी गिरफ्तार

0
16

रायपुर । राजधानी रायपुर में मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने बी.पी. मशीन के नाम पर कोरियर के जरिए कोकीन मंगाने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान कृष्ण गोपाल अग्रवाल (28) निवासी गीतांजलि नगर, शंकर नगर, थाना खम्हारडीह के रूप में हुई है।

यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (मध्य क्षेत्र) उमेश प्रसाद गुप्ता के संयुक्त मॉनिटरिंग में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (A.N.T.F.) और थाना देवेन्द्र नगर पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा की गई।

पुलिस को 19 मार्च को सूचना मिली थी कि देवेन्द्र नगर थाना क्षेत्र के नारायणा हॉस्पिटल सेक्टर-05 के पास एक व्यक्ति चारपहिया वाहन में मादक पदार्थ कोकीन रखकर ग्राहक की तलाश कर रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बताए गए स्थान पर पहुंचकर संदिग्ध वाहन और व्यक्ति को घेराबंदी कर पकड़ा।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम कृष्ण गोपाल अग्रवाल बताया। पुलिस ने जब उसके वाहन की तलाशी ली, तो उसमें एक कोरियर पैकेट बरामद हुआ, जो मारूति कोरियर फर्म के माध्यम से भेजा गया था। पैकेट के बारे में पूछने पर आरोपी गोलमोल जवाब देने लगा, जिससे पुलिस को शक हुआ।

टीम ने जब पैकेट खोला तो उसमें बी.पी. मशीन मिली। मशीन की जांच करने पर उसके अंदर छिपाकर रखी गई कोकीन बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से कुल 4.55 ग्राम कोकीन, जिसकी कीमत लगभग 2,27,500 रुपये आंकी गई है, जब्त की। इसके साथ ही घटना में प्रयुक्त चारपहिया वाहन (ग्रैंड विटारा) और एक एप्पल आईफोन 16 भी जब्त किया गया। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 20,27,500 रुपये बताई गई है।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना देवेन्द्र नगर में अपराध क्रमांक 33/26 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 22बी के अंतर्गत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी कोकीन को कोरियर के माध्यम से अन्य राज्यों से मंगाता था। इस मामले में संबंधित कोरियर फर्म की भूमिका की भी जांच की जा रही है और उसके खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और उसके फॉरवर्ड एवं बैकवर्ड लिंक की जांच की जा रही है, ताकि इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचा जा सके। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इस मामले में एंड-टू-एंड जांच कर पूरे गिरोह का खुलासा किया जाएगा।

उल्लेखनीय है कि अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए रायपुर पुलिस ने विशेष रूप से 10 सदस्यीय एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स का गठन किया है, जो स्रोत से लेकर सप्लाई तक पूरी चेन पर नजर रखते हुए कार्रवाई कर रही है।

पुलिस का कहना है कि नशे के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

0Shares

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here