मुंबई । वैश्विक बाजारों से मिले मिश्रित संकेतों के बीच बुधवार को भारतीय शेयर बाजार की शुरुआत सपाट रही। सुबह 9:28 बजे सेंसेक्स 29 अंक की हल्की बढ़त के साथ 84,702 और निफ्टी 2 अंक ऊपर 25,911 पर कारोबार कर रहा था। शुरुआती सत्र में निफ्टी आईटी इंडेक्स 1.11 प्रतिशत की तेजी के साथ मजबूत प्रदर्शन करता दिखा, जबकि ऑटो, मेटल और सर्विसेज सेक्टर भी हरे निशान में थे।
इसके उलट पीएसयू बैंक, फाइनेंशियल सर्विसेज, फार्मा, एफएमसीजी, रियल्टी, एनर्जी, इन्फ्रा और कमोडिटी इंडेक्स दबाव में रहे। निफ्टी मिडकैप 100 में 0.08 प्रतिशत की मामूली तेजी दर्ज की गई, जबकि निफ्टी स्मॉलकैप 100 थोड़ी कमजोरी के साथ 18,123 पर था।
सेंसेक्स के गेनर्स में इन्फोसिस, टीसीएस, टेक महिंद्रा, एचसीएल टेक, एचयूएल, टाटा स्टील, आईसीआईसीआई बैंक और अल्ट्राटेक सीमेंट शामिल रहे। वहीं एचडीएफसी बैंक, पावर ग्रिड, बीईएल, सन फार्मा, आईटीसी, एलएंडटी, बजाज फिनसर्व, एशियन पेंट्स और एक्सिस बैंक प्रमुख लूजर्स रहे।
विश्लेषकों का कहना है कि बाजार में किसी बड़े ट्रिगर के अभाव में सूचकांक सीमित दायरे में रह सकते हैं। गिरावट पर चुनिंदा सेक्टर में खरीदारी की रणनीति अपनाने की सलाह दी गई है, जबकि अधिक वैल्यूएशन वाले शेयरों से दूरी बनाने को कहा गया है।
वैश्विक बाजारों में भी मिश्रित रुझान रहा—टोक्यो और जकार्ता में बढ़त देखी गई, जबकि सोल, हांगकांग और शंघाई लाल निशान में रहे। कच्चे तेल में कमजोरी जारी है, डब्ल्यूटीआई क्रूड 0.36 प्रतिशत गिरकर 60.45 डॉलर प्रति बैरल और ब्रेंट क्रूड 0.35 प्रतिशत घटकर 64.66 डॉलर प्रति बैरल पर रहा।























