क्रिस्टल डिसूजा ने ‘शरारत’ गाने के लॉन्च के दौरान रणवीर सिंह के साथ बिताए पल को किया याद

0
37

मुंबई । क्रिस्टल डिसूजा के लिए सुपरस्टारडम सिर्फ़ शोहरत या सफलता का नाम नहीं है — यह व्यक्तित्व, उदारता और दूसरों को आगे बढ़ाने की क्षमता का प्रतीक है। हाल ही में एक इंटरव्यू में ‘शरारत’ गाने के लॉन्च के दौरान रणवीर सिंह के साथ बिताए खास पल को याद करते हुए क्रिस्टल ने बताया कि वह क्यों मानती हैं कि रणवीर सच में सुपरस्टार कहलाने के हकदार हैं। जब उनसे उस दिन रणवीर के साथ मंच साझा करने के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने बताया कि यह पल पूरी तरह से अनियोजित था।

उन्होंने कहा, “स्टेज पर जाने की कोई योजना नहीं थी। जैस्मिन सैंडलास और मधुबंती बागची ने स्टेज पर गाना गाकर ‘शरारत’ लॉन्च किया। यह सिर्फ़ म्यूज़िक लॉन्च था, लेकिन जैसे ही उन्होंने गाना शुरू किया, हमने देखा कि भीड़ गाने पर झूमने लगी। यह पहली बार था जब उन्होंने ‘शरारत’ सुना था, फिर भी सब वाइब कर रहे थे। तभी रणवीर ने कहा, ‘क्रिस्टल, यह तुम्हारा गाना है। हमें स्टेज पर जाकर परफॉर्म करना चाहिए।’ मैं बिल्कुल तैयार नहीं थी, क्योंकि मैंने साड़ी पहनी हुई थी और मुझे यकीन नहीं था कि मैं साड़ी में डांस कर पाऊंगी या नहीं।”

चूंकि जैस्मिन सैंडलास और मधुबंती बागची पहले ही अपने प्रदर्शन से माहौल को ऊर्जावान बना चुकी थीं, रणवीर ने उस पल को महसूस किया और क्रिस्टल को मंच संभालने के लिए प्रेरित किया।

क्रिस्टल ने आगे कहा, “रणवीर की यही ऊर्जा है कि आप खुद-ब-खुद उससे तालमेल बिठाने लगते हैं। उन्होंने मधुबंती और जैस्मिन को स्टेज पर पूरा समय दिया ताकि वे गाना गा सकें, और फिर कहा कि एक बार फिर करते हैं, लेकिन इस बार क्रिस्टल के साथ, क्योंकि यह उसका गाना है और उसे परफॉर्म करना चाहिए।” क्रिस्टल के लिए खास बात सिर्फ़ वह अचानक लिया गया फैसला नहीं था, बल्कि उसके पीछे की सोच थी।

उन्होंने कहा, “वह मुझे स्टेज पर ले गए और मुझे केंद्र में रखकर परफॉर्म करने का मौका दिया। एक अभिनेता के रूप में, एक इंसान के रूप में और इस इंडस्ट्री का हिस्सा होने के नाते, यह मेरे लिए बहुत मायने रखता है कि कोई आपको उस पल में महत्व दे। ऐसा बहुत कम देखने को मिलता है, इसलिए वह सुपरस्टार हैं और वहीं हैं जहाँ आज हैं। रणवीर चाहते थे कि मुझे मेरे गाने के लिए मेरा पल मिले और उन्होंने खुद भी मेरे स्टेप्स करने की पूरी कोशिश की। उन्होंने मुझसे कहा कि वह मेरे स्टेप्स कॉपी करेंगे। यह बहुत प्यारा था कि वह उस पल में मुझे प्रेरणा और महत्व देने की कोशिश कर रहे थे।”

इस एक छोटे से इशारे ने क्रिस्टल को यह समझा दिया कि इंडस्ट्री में रणवीर सिंह की ऊंचाई के पीछे असली कारण क्या है। उनके लिए सुपरस्टार होने का अर्थ है—रोशनी बांटना, दूसरों के खास पलों को पहचानना और उन्हें पूरे दिल से मनाना

इन पलों के अलावा, रणवीर सिंह ने बॉक्स ऑफिस पर भी सफलता के नए मानक स्थापित किए हैं। कई रिकॉर्ड तोड़ने और अपनी मजबूत पहचान बनाने के बाद, वह अब ‘धुरंधर’ के साथ एक नए मुकाम पर पहुंच चुके हैं। वहीं ‘धुरंधर: द रिवेंज’ के साथ वह और भी ऊंचाइयों को छूने के लिए तैयार हैं। यदि यह फिल्म भी उसी रफ्तार से आगे बढ़ती है — जैसा कि रणवीर के प्रति जबरदस्त उत्साह, भारी क्रेज और ‘हमजा’ फीवर से संकेत मिल रहा है — तो वह भारतीय सिनेमा में उन बुलंदियों को हासिल कर सकते हैं, जहां बहुत कम कलाकार पहुंच पाए हैं।

0Shares

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here