नक्सल मोर्चे पर बड़ी सफलता: उदंती एरिया कमेटी के 7 नक्सली आत्मसमर्पण के लिए निकले

0
166

गरियाबंद । छत्तीसगढ़ में नक्सल उन्मूलन के तहत चल रहे व्यापक अभियान का असर लगातार दिखाई दे रहा है। इसी क्रम में गरियाबंद जिले में एक बड़ा नक्सली आत्मसमर्पण होने जा रहा है।

मिली जानकारी के अनुसार, गरियाबंद–धमतरी–ओडिशा के नुवापाड़ा डिविजन में सक्रिय उदंती एरिया कमेटी के 7 नक्सली आत्मसमर्पण के लिए जंगल से निकल आए हैं। इनमें कई मोस्ट वांटेड और इनामी नक्सली शामिल हैं।

8-8 लाख के इनामी कमांडर और सचिव भी शामिल

आत्मसमर्पण करने वालों में उदंती एरिया कमांडर सुनील और सचिव एरिना शामिल हैं, जिन पर 8-8 लाख रुपये का इनाम घोषित है। इनके साथ कमेटी मेंबर लुद्रों, विद्या, नंदिनी और मलेश हैं, जिन पर 5-5 लाख रुपये का इनाम है।

इसके अलावा 1 लाख की इनामी नक्सली कांती भी उनके साथ आत्मसमर्पण के लिए जंगल से बाहर निकली हैं। बताया जा रहा है कि इनके पास से 1 एसएलआर, 3 इंसास राइफल और एक सिंगल शॉट हथियार बरामद हुए हैं।

शांति स्थापना की दिशा में अहम कदम

इस बड़े समर्पण को गरियाबंद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों की बड़ी सफलता माना जा रहा है। इससे क्षेत्र में सक्रिय नक्सल नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है। पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) रायपुर रेंज और गरियाबंद एसपी निखिल राखेचा आज पुलिस लाइन गरियाबंद में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर विस्तृत जानकारी साझा करेंगे।

पुलिस सूत्रों का कहना है कि आत्मसमर्पण करने वाले नक्सली लंबे समय से उदंती क्षेत्र में सक्रिय थे और कई नक्सली घटनाओं में शामिल रहे हैं। इस कदम से क्षेत्र में शांति और मुख्यधारा में वापसी की प्रक्रिया को मजबूती मिलेगी।

0Shares

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here