ढाई लाख को ढाई करोड़ बनाने का झांसा देने वाले तांत्रिक से ही लूट, 4 गिरफ्तार

0
54

बिलासपुर

 

 छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां 2.50 लाख रुपये को 2.50 करोड़ बनाने का झांसा देकर ठगी करने वाले कथित तांत्रिक को ही उसके शिकारों ने लूट लिया। रतनपुर थाना क्षेत्र में हुई इस घटना में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लूटी गई कार, मोबाइल फोन और नकद राशि बरामद कर ली है।

मारपीट कर कार, मोबाइल और नकदी लूटी

कोरबा जिले के दीपका निवासी विजय कुमार राज ने 1 फरवरी को रतनपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि 31 जनवरी की रात वह अपनी तीन महिला रिश्तेदारों के साथ कार से बिल्हा मेला से लौट रहा था। इसी दौरान रतनपुर के पास एक ढाबे के पास रुकने पर दो कारों में सवार चार युवकों ने उसके साथ मारपीट की और कार, मोबाइल फोन तथा 8 हजार रुपये नकद लूटकर फरार हो गए।

जांच में सामने आई चौंकाने वाली सच्चाई

घटना की शिकायत के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की और जल्द ही आरोपियों तक पहुंच गई। पुलिस ने सरगुजा और कोरिया जिले से चार आरोपियों—विद्याराम दास (43), रामसुंदर (32), राजीव सिंह (37) और गुलशन कुजूर—को गिरफ्तार किया।

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि विजय कुमार राज ने उन्हें तंत्र विद्या के जरिए 2.50 लाख रुपये को 2.50 करोड़ रुपये बनाने का झांसा दिया था। झांसे में आकर उन्होंने उसे पैसे दिए, लेकिन न तो रकम बढ़ी और न ही पैसे वापस मिले। खुद को ठगा महसूस करने के बाद आरोपियों ने बदला लेने की योजना बनाई और तांत्रिक से लूटपाट की घटना को अंजाम दिया।

तांत्रिक पर भी शिकंजा कसने की तैयारी

इस मामले में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मधुलिका सिंह ने बताया कि लूट की रिपोर्ट दर्ज कराने वाला व्यक्ति खुद ठगी के आरोपों में घिर गया है। उसने तंत्र-मंत्र के नाम पर की गई ठगी की जानकारी छिपाई थी। अब उसके खिलाफ भी ठगी का मामला दर्ज किया गया है और उसकी गिरफ्तारी की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है और सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है।

0Shares

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here