मुजफ्फरनगर की वसुंधरा रेजीडेंसी में सिलेंडर ब्लास्ट: तीन की मौत, एक घायल

0
44

मुजफ्फरनगर । यूपी के मुजफ्फरनगर में शहर के सबसे पॉश इलाकों में शामिल वसुंधरा रेजीडेंसी में सोमवार शाम एक बड़ा हादसा हो गया। मुख्य मार्ग से सटे एक मकान में गैस सिलेंडर फटने से दो तेज धमाके हुए। आग और धुएं की चपेट में आकर एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति घायल हो गया।

सोमवार शाम करीब 4 बजकर 54 मिनट तक सब सामान्य था। इलाके में वाहनों और पैदल लोगों की आवाजाही जारी थी। अचानक मकान में जोरदार धमाका हुआ, जिससे भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। कुछ ही सेकंड के अंतर पर दूसरा धमाका भी हुआ। आग की ऊंची लपटें और घना धुआं देख लोग मौके पर जुटने लगे। पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी गई।

घर के अंदर मौजूद थे तीनों

पुलिस जांच और परिजनों के बयान के अनुसार, बुजुर्ग सुशीला बिस्तर पर लेटी टीवी देख रही थीं। उनके बेटे, कानूनगो अमित गौड़ और नितिन गौड़, एक कमरे में बैठे थे। उसी कमरे में अंगीठी रखी हुई थी। शुरुआती जांच में गैस सिलेंडर लीक होने के बाद आग फैलने की बात सामने आई है।

आग बुझने के बाद दमकलकर्मियों ने मकान के अंदर प्रवेश किया। सुशीला का शव बिस्तर पर ही मिला। आशंका है कि आग और धुएं के कारण वह उठ नहीं सकीं और उन्हें आग लगने की जानकारी देर से मिली।

राहत कार्य में आई दिक्कत

मकान से निकलते घने धुएं और आग की लपटों के कारण दूसरे तल तक पहुंचने में देरी हुई। सीढ़ियां तंग होने से राहत कार्य और मुश्किल हो गया। दमकल विभाग को आग बुझाने में करीब एक घंटा लग गया। इस दौरान सैकड़ों लोग मौके पर जमा हो गए।

पड़ोसियों ने बताई आंखोंदेखी

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, धमाके के बाद मकान के आगे लगा शीशा टूटकर दूर जा गिरा। पड़ोसी संजीव बालियान ने बताया कि मकान में कुछ अंतराल पर दो सिलेंडर फटे। घर में कुल तीन सिलेंडर रखे थे, जिनमें से एक को हादसे के बाद बाहर निकाला गया।

बचाने की कोशिश में झुलसा पड़ोसी

पड़ोसी आदित्य राणा धमाका सुनकर मदद के लिए दौड़े। वह दरवाजे तक पहुंचे, लेकिन आग और धुएं के कारण अंदर नहीं जा सके और झुलस गए। किसी तरह वह नीचे उतरकर बाहर आए।

हादसे की सूचना मिलने पर कानूनगो की पत्नी ऋचा अपनी बेटियों के साथ मौके पर पहुंचीं। आग की लपटें देखकर वह बेहोश सी हो गईं। मकान से गिरा कांच लगने से उनके हाथ में चोट आई।

जांच जारी

एसएसपी संजय वर्मा ने बताया कि शुरुआती तौर पर सिलेंडर फटना हादसे की वजह लग रहा है। एक सिलेंडर रसोई में और दूसरा बाथरूम में गीजर के पास रखा था। यह जांच की जा रही है कि आग अंगीठी से फैली या किसी अन्य कारण से। पुलिस और दमकल विभाग मामले की विस्तृत जांच कर रहे हैं।

0Shares

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here