कोंडागांव | कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना ने मंगलवार को जिला मुख्यालय स्थित पोस्ट मैट्रिक आदिवासी बालक छात्रावास का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने छात्रावास में प्रकाश व्यवस्था सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं का जायजा लिया।
कलेक्टर ने छात्रावास में विकसित किए जा रहे स्टडी कक्ष का भी अवलोकन किया। उल्लेखनीय है कि छात्रावास में लंबे समय से खाली पड़े एक कमरे को विद्यार्थियों के अध्ययन हेतु स्टडी कक्ष के रूप में विकसित किया जा रहा है, ताकि छात्रों को पढ़ाई के लिए एक समर्पित स्थान और अनुकूल शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने छात्रावास में रह रहे छात्रों से भी संवाद किया और उनकी पढ़ाई, अध्ययन सुविधाओं एवं आवश्यकताओं के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन करने और उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करने के लिए प्रोत्साहित किया।





















