रायपुर अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों के असर के बीच जिले में एलपीजी सिलेंडर को लेकर पैनिक जैसी स्थिति बन गई है।
गैस एजेंसियों में अचानक बढ़ी बुकिंग के चलते वेटिंग लिस्ट 950 से बढ़कर 1100 तक पहुंच गई है, जिससे उपभोक्ताओं को लंबा इंतजार करना पड़ रहा है।
एजेंसी संचालकों के अनुसार बड़ी संख्या में लोग एक साथ सिलेंडर बुक कर रहे हैं। कई उपभोक्ता ऐसे भी हैं, जिनके घरों में पहले से भरे सिलेंडर होने के बावजूद वे दोबारा बुकिंग करा रहे हैं।
इस वजह से सामान्य मांग से ज्यादा दबाव बना है और वेटिंग तेजी से बढ़ी है। एजेंसियों का कहना है कि यह वास्तविक कमी नहीं, बल्कि घबराहट के कारण बनी स्थिति है।
अचानक बढ़ी मांग का असर होम डिलिवरी सिस्टम पर भी पड़ा है। पहले जहां सिलेंडर 2-3 दिनों में मिल जाता था, वहीं अब 5-7 दिन या उससे अधिक समय लग रहा है।
डिलिवरी में देरी के चलते उपभोक्ताओं को परेशानी हो रही है और उन्हें बार-बार एजेंसियों से संपर्क करना पड़ रहा है।
























