छू लो आसमान कारली कोचिंग सेंटर की नई उड़ान जिले की बेटियों ने नीट व जेईई परीक्षा में रचा इतिहास

0
48

दंतेवाड़ा । जिले के जिला प्रशासन द्वारा संचालित छू लो आसमान कारली कोचिंग सेंटर ने इस वर्ष एक बार फिर सफलता की नई मिसाल कायम की है। सत्र 2025 में आयोजित नीट एवं जेईई प्रतियोगी परीक्षाओं के परिणामों में इस संस्था की छात्राओं ने उल्लेखनीय सफलता अर्जित कर दंतेवाड़ा जिले का नाम गौरवान्वित किया है।

यह केंद्र जिला प्रशासन दंतेवाड़ा की एक महत्वाकांक्षी पहल है, जिसके माध्यम से जिले की छात्राओं को निःशुल्क आवासीय सुविधा, गुणवत्तापूर्ण अकादमिक शिक्षा और राष्ट्रीय स्तर की नीट एवं जेईई कोचिंग उपलब्ध कराई जाती है। इस योजना का उद्देश्य जिले की मेधावी बालिकाओं को समान अवसर प्रदान कर उन्हें डॉक्टर, इंजीनियर और वैज्ञानिक बनने के अपने सपनों को साकार करने हेतु सशक्त बनाना है।

नीट परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन : 

छू लो आसमान कारली की छात्राओं ने नीट परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करते हुए चिकित्सा संस्थानों में प्रवेश पाया। कु. रत्ना पिता श्री रामू का चयन स्व. बलीराम कश्यप स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय, जगदलपुर में हुआ है। कु. आरती कोड़ोपी पिता श्री देवचंद और कु. सत्या साहनी पिता श्री बन्द्रीनाथ का चयन शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय, महासमुंद में हुआ। कु. जान्हवी मुड़ामी पिता श्री नन्दलाल मुड़ामी तथा कु. दीपा मरकाम पिता श्री जोगाराम का चयन शासकीय दंत चिकित्सा महाविद्यालय, रायपुर में हुआ है। कु. अंजु सोरी पिता श्री चौतू राम सोरी का चयन शासकीय आयुर्वेद कॉलेज, बिलासपुर और कु. कल्पना नाग पिता श्री सुरेन्द्र कुमार नाग का चयन शासकीय आयुर्वेद कॉलेज, रायपुर में हुआ है।

जेईई परीक्षा में भी बेटियों का जलवा : 

इसी प्रकार जेईई परीक्षा में भी छात्राओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रतिष्ठित इंजीनियरिंग संस्थानों में प्रवेश प्राप्त किया है। कु. किरन उसारे पिता श्री चौनू उसारे का चयन एनआईटी रायपुर, कु. रुद्राक्षी कश्यप पिता श्री जगन्नाथ कश्यप, कु. रंजना नेताम और कु. जागृति कश्यप का चयन एनआईटी नागालैंड में हुआ है। कु. प्रियंका ठाकुर पिता श्री सुरेश ठाकुर का चयन जेईसी जगदलपुर (माइनिंग इंजीनियरिंग) में हुआ है। इसके अतिरिक्त कु. तिमेश्वरी नाग, कु. आसमती मौर्य, कु. खुशी मंडावी, कु. गीतांजली तिवारी, कु. सुषमा वेक, कु. तंची हेमला का चयन शासकीय इंजीनियरिंग कॉलेज, जगदलपुर में हुआ है।

कु. सानिया ठाकुर का चयन शासकीय इंजीनियरिंग कॉलेज, रायपुर, वहीं कु. मनीषा यादव और कु. काजल विश्वकर्मा का चयन शासकीय इंजीनियरिंग कॉलेज, अम्बिकापुर में हुआ है।

इन छात्राओं की इस सफलता के पीछे जिला प्रशासन की सुनियोजित रणनीति, सटीक मार्गदर्शन और सतत निगरानी का विशेष योगदान रहा। संस्था में विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर के प्रश्नों का निरंतर अभ्यास कराया गया, साथ ही ऑनलाइन प्रशिक्षण, साप्ताहिक एवं मासिक टेस्ट, मॉड्यूल-आधारित अध्ययन सामग्री और व्यक्तिगत परामर्श की सुविधा दी गई। इससे छात्राओं का आत्मविश्वास बढ़ा और तैयारी अधिक प्रभावी हुई।

इस अवसर कलेक्टर कुणाल दुदावत ने दी शुभकामनाएँ : 

जिले के कलेक्टर कुणाल दुदावत ने चयनित छात्राओं को बधाई एवं शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि छू लो आसमान जैसे संस्थान दंतेवाड़ा की बेटियों के सपनों को नई दिशा दे रहे हैं। यह सफलता केवल परीक्षा की नहीं, बल्कि आत्मविश्वास और परिश्रम की विजय है। दंतेवाड़ा जिले की बेटियाँ अब शिक्षा के माध्यम से अपना और जिले का भविष्य उज्ज्वल बना रही हैं। यह नया दंतेवाड़ा ज्ञान, परिश्रम और अवसरों से सशक्त हो रहा है।” कलेक्टर ने इस सफलता के लिए शिक्षा विभाग, डी.एम.सी., संस्था की अधीक्षिका, प्रभारी अधिकारी और समस्त शिक्षकों को उनकी मेहनत, समर्पण और योगदान के लिए धन्यवाद एवं बधाई दी।

0Shares

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here