11 जनवरी 2026, दिल्ली/देहरादून:
उत्तराखण्ड को वर्षभर पर्यटन की पहली पसंद बनाने की दिशा में राज्य सरकार ने एक नया कदम उठाया है। पर्यटन, धर्मस्व एवं संस्कृति मंत्री सतपाल महाराज ने दिल्ली में उत्तराखण्ड पर्यटन विभाग द्वारा आयोजित पैन-इंडिया एकीकृत रोड शो अभियान की शुरुआत की। यह अभियान दिल्ली के बाद देश के अन्य प्रमुख शहरों में भी आयोजित किया जाएगा।
पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि इस रोड शो का उद्देश्य दिल्ली-एनसीआर सहित देशभर के ट्रैवल ट्रेड और पर्यटन उद्योग को उत्तराखण्ड के एडवेंचर, विंटर, वेलनेस, आध्यात्मिक और सांस्कृतिक पर्यटन से जोड़ना है। यह पहल प्रधानमंत्री के विजन और मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में शुरू की गई है, ताकि उत्तराखण्ड को 365 दिन का पर्यटन गंतव्य बनाया जा सके। इस रोड शो कार्यक्रम में उत्तराखण्ड और दिल्ली-एनसीआर के 250 से अधिक पर्यटन उद्योग से जुड़े लोगों ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान पर्यटन से जुड़े व्यवसायिक संवाद और बैठकों के माध्यम से राज्य में पर्यटन की नई संभावनाओं पर चर्चा की गई।
पर्यटन मंत्री ने बताया कि राज्य को शीतकालीन पर्यटन के राष्ट्रीय केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। इसके तहत जोशीमठ, औली और पांडुकेश्वर जैसे स्थलों को शीतकालीन चारधाम और आध्यात्मिक पर्यटन के रूप में आगे बढ़ाया जा रहा है, ताकि श्रद्धालुओं और पर्यटकों को पूरे वर्ष आने का अवसर मिले। उन्होंने कहा कि यह रोड शो पर्यटन निवेश, उद्योग सहयोग और पर्यटकों की संख्या बढ़ाने में अहम भूमिका निभाएगा।
पर्यटन सचिव धीराज गर्ब्याल ने कहा कि यह अभियान उत्तराखण्ड को एक प्रमुख और उभरते पर्यटन राज्य के रूप में स्थापित करने की दिशा में निर्णायक कदम है। उन्होंने बताया कि दिल्ली में हुए रोड शो से पर्यटन उद्योग में उत्साह देखने को मिला है और उत्तराखण्ड को सुरक्षित, विविध और निवेश के अनुकूल राज्य के रूप में देखा जा रहा है।





















