
राजस्थान के फलोदी जिले से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां अंधविश्वास और पारिवारिक तनाव ने एक पूरा परिवार उजाड़ दिया। देचू थाना क्षेत्र के फतेहगढ़ गांव में एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत से इलाके में सनसनी फैल गई।
प्रारंभिक जांच के अनुसार 35 वर्षीय गेनाराम ने पहले अपनी पत्नी पुष्पा (32) और दो बच्चों खुशबू (13) तथा किशन (10) की हत्या की, इसके बाद खुद फंदे पर लटककर आत्महत्या कर ली।
पुलिस के मुताबिक, गेनाराम मूल रूप से पाली जिले का निवासी था और पिछले करीब पांच वर्षों से फलोदी क्षेत्र के एक खेत में मजदूरी कर परिवार के साथ रह रहा था।
जांच में सामने आया है कि उसकी पत्नी लंबे समय से मानसिक रूप से अस्वस्थ थी और उसका इलाज चल रहा था। इसी दौरान गेनाराम एक तांत्रिक (भोपा) के संपर्क में आया, जिसने उसकी पत्नी पर भूत-प्रेत का साया होने की बात कही। बताया जा रहा है कि इसी अंधविश्वास और पारिवारिक तनाव के कारण वह मानसिक रूप से परेशान रहने लगा था।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आरोपी ने पत्नी और दोनों बच्चों का गला दबाकर हत्या की और बाद में खुद आत्महत्या कर ली।
मंगलवार सुबह ग्रामीणों ने घर के भीतर पत्नी और बच्चों के शव पड़े देखे, जबकि गेनाराम का शव फंदे से लटका मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम और फोरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही घटना की पूरी तस्वीर साफ हो सकेगी।



















