
राज्यपाल रमेन डेका ने टीम के सदस्यों को प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित, दृष्टिबाधित विद्यार्थियों तक शिक्षा पहुंचाने के प्रयास की सराहना
रायपुरराज्यपाल रमेन डेका ने कहा कि दृष्टिबाधित विद्यार्थियों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए समाज और संस्थाओं को मिलकर और अधिक प्रभावी प्रयास करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि तकनीक के माध्यम से ऐसे विद्यार्थियों तक अध्ययन सामग्री पहुंचाना शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण पहल है।
राज्यपाल ने गुरुवार को लोकभवन में वर्ल्ड ऑडियो बुक टीम छत्तीसगढ़ के सदस्यों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने टीम द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए इसे सराहनीय और अनुकरणीय पहल बताया।
इस अवसर पर राज्यपाल रमेन डेका ने टीम के सदस्यों को उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि ऑडियो माध्यम से पढ़ाई की सामग्री उपलब्ध होने से दृष्टिबाधित विद्यार्थियों को शिक्षा प्राप्त करने में काफी सहायता मिल सकती है।
गौरतलब है कि वर्ल्ड ऑडियो बुक टीम छत्तीसगढ़ का नाम गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में दर्ज हुआ है। टीम की ओर से दृष्टिबाधित और सामान्य विद्यार्थियों के लिए 11 हजार से अधिक ऑडियो बुक्स तैयार करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।
टीम का उद्देश्य तकनीक और ऑडियो माध्यम के जरिए शिक्षा को अधिक सुलभ और समावेशी बनाना है, ताकि दृष्टिबाधित विद्यार्थियों को अध्ययन सामग्री के लिए दूसरों पर निर्भर न रहना पड़े और वे शिक्षा की मुख्यधारा से मजबूती से जुड़ सकें।















