
रायपुर उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने लोरमी में कौशल विकास प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे युवाओं से संवाद करते हुए शिक्षा के साथ व्यावहारिक कौशल के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि आज के दौर में केवल शैक्षणिक योग्यता पर्याप्त नहीं है, बल्कि किसी न किसी कौशल में दक्षता भी सफलता के लिए आवश्यक है।
उन्होंने बताया कि एसईसीएल के सहयोग से 1 अप्रैल से 250 युवाओं को कंप्यूटर, सिलाई और ब्यूटी पार्लर से संबंधित निःशुल्क प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण केंद्र के निरीक्षण के दौरान उन्होंने युवाओं के अनुभव भी सुने और उन्हें निरंतर सीखते रहने के लिए प्रेरित किया।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि कौशल विकास युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के साथ उनका आत्मविश्वास भी बढ़ाता है। सिलाई, ब्यूटीशियन, डाटा एंट्री जैसे प्रशिक्षण रोजगार और स्वरोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराते हैं, जिससे युवा अपने भविष्य को मजबूत बना सकते हैं।
उन्होंने युवाओं से अपील की कि प्रशिक्षण पूरा होने के बाद भी सीखने की प्रक्रिया जारी रखें। उनके अनुसार निरंतर अभ्यास, नई चीजें सीखने की इच्छा और आत्मविश्वास ही सफलता की असली कुंजी है।



















