गुजरात और दमन दौरे पर रहेंगे पीएम मोदी, 21 हजार करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं की देंगे सौगात

0
210

नई दिल्ली प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 5 जून को गुजरात और दमन के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे 21 हजार करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। दौरे के दौरान प्रधानमंत्री औद्योगिक, स्वास्थ्य, कनेक्टिविटी, ऊर्जा और पर्यटन से जुड़ी कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं की सौगात देंगे।

सूरत में प्रधानमंत्री करीब 18,800 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। वे हजीरा में चल रहे औद्योगिक एवं बुनियादी ढांचा परियोजनाओं की समीक्षा भी करेंगे। इसके अलावा वडोदरा-मुंबई एक्सप्रेसवे के महत्वपूर्ण हिस्सों को राष्ट्र को समर्पित करेंगे, जिससे गुजरात और महाराष्ट्र के बीच संपर्क और परिवहन व्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

प्रधानमंत्री सूरत में 200 बिस्तरों वाले अत्याधुनिक ईएसआईसी अस्पताल का भी उद्घाटन करेंगे। साथ ही बिजली, औद्योगिक अवसंरचना और जनजातीय क्षेत्रों में सड़क संपर्क बढ़ाने वाली परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे।

इसके बाद प्रधानमंत्री दमन पहुंचेंगे, जहां वे नमो एयरपोर्ट के नए टर्मिनल भवन और नमो अस्पताल का उद्घाटन करेंगे। दमन में वे करीब 2,970 करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण, शिलान्यास और राष्ट्र को समर्पण करेंगे।

दौरे के दौरान प्रधानमंत्री लक्षद्वीप के लिए 885 करोड़ रुपये की चार प्रमुख परियोजनाओं की आधारशिला भी रखेंगे। इनमें बंदरगाह सुविधाओं का विकास शामिल है, जिससे समुद्री कनेक्टिविटी, पर्यटन और स्थानीय रोजगार को बढ़ावा मिलेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here