
नई दिल्लीप्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वेनेजुएला की कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज के बीच बुधवार को नई दिल्ली में द्विपक्षीय वार्ता हुई। बैठक में ऊर्जा सुरक्षा, व्यापार, निवेश, फार्मास्यूटिकल्स, स्वास्थ्य सेवा, परिवहन और नवीकरणीय ऊर्जा समेत कई महत्वपूर्ण क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा की गई।
डेल्सी रोड्रिगेज पांच दिवसीय भारत दौरे पर मंगलवार को नई दिल्ली पहुंचीं। उनके साथ विदेश मामलों, अर्थव्यवस्था एवं वित्त, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी तथा परिवहन मंत्रालयों के वरिष्ठ प्रतिनिधियों का उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी भारत आया है।
विदेश मंत्रालय के अनुसार, वेनेजुएला का प्रतिनिधिमंडल भारत में ऊर्जा, फार्मास्यूटिकल्स और ऑटोमोबाइल क्षेत्रों से जुड़े प्रमुख संस्थानों और परियोजनाओं का दौरा करेगा। इसका उद्देश्य भारत की तकनीकी और औद्योगिक क्षमताओं को समझना तथा सहयोग के नए अवसरों की तलाश करना है।
भारत और वेनेजुएला के बीच ऊर्जा क्षेत्र में लंबे समय से मजबूत साझेदारी रही है। भारतीय सार्वजनिक क्षेत्र की कई कंपनियों ने वेनेजुएला के ऊर्जा क्षेत्र में महत्वपूर्ण निवेश किया है। दोनों देशों को उम्मीद है कि यह यात्रा द्विपक्षीय संबंधों को नई गति देने के साथ आर्थिक और रणनीतिक सहयोग को और मजबूत करेगी।


















