जनदर्शन में आवेदन के 24 घंटे के भीतर 8 साल से बिस्तर पर पड़ी महिला का आधार अपडेट

0
179

सारंगढ़-बिलाईगढ़। कलेक्टर जनदर्शन में दिए गए एक आवेदन पर त्वरित कार्रवाई करते हुए जिला प्रशासन ने महज 24 घंटे के भीतर आठ वर्षों से बिस्तर पर पड़ी महिला का आधार अपडेट कर मानवता और संवेदनशील प्रशासन की मिसाल पेश की है।

जानकारी के अनुसार, ग्राम सेमरिया निवासी अशोक सोनवानी ने जनदर्शन में आवेदन देकर बताया था कि उनकी पत्नी गले की हड्डी टूटने के कारण पिछले करीब 8 वर्षों से बिस्तर पर हैं और चलने-फिरने में असमर्थ हैं। ऐसे में आधार अपडेट करवाना उनके लिए बड़ी समस्या बन गया था।

कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल ई-गवर्नेंस टीम को महिला के घर भेजने के निर्देश दिए। इसके बाद जिला ई-गवर्नेंस शाखा की टीम आवश्यक उपकरणों के साथ महिला के घर पहुंची और आधार अपडेट की पूरी प्रक्रिया संपन्न कराई।

टीम ने महिला के बायोमेट्रिक सत्यापन और अन्य जरूरी दस्तावेजी प्रक्रिया पूरी कर आवेदन अपलोड किया। अधिकारियों के अनुसार, आधार अपडेट की प्रक्रिया जल्द पूर्ण हो जाएगी।

जिला ई-गवर्नेंस प्रबंधक गंगाधर विश्वकर्मा ने बताया कि जो बुजुर्ग, दिव्यांग या गंभीर रूप से बीमार लोग आधार केंद्र तक नहीं पहुंच सकते, उन्हें घर पर ही यह सुविधा उपलब्ध कराई जाती है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here