माफिया को चुनेंगे तो गरीबों का शोषण होगा: बलरामपुर में सीएम योगी का विपक्ष पर हमला

0
168

बलरामपुर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि विकास तभी संभव है जब जनता अच्छे जनप्रतिनिधियों का चुनाव करे। उन्होंने कहा कि “यदि माफिया को चुनकर भेजेंगे तो वह गरीबों का खून चूसेगा। हमारी सरकार ने माफियाओं पर कार्रवाई कर उनकी जमीनों पर गरीबों के लिए मकान बनाए हैं।”

बलरामपुर के मध्यनगर बिलोहा में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने 300 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री आवास योजना सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को सम्मानित किया और कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय की छात्राओं को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए पुरस्कार प्रदान किए।

सीएम योगी ने कहा कि डबल इंजन की सरकार डबल स्पीड से विकास कार्य कर रही है और किसानों, व्यापारियों तथा महिलाओं के लिए लगातार सुविधाएं बढ़ाई जा रही हैं। उन्होंने दावा किया कि आज प्रदेश का हर जिला विकास की मुख्यधारा से जुड़ चुका है।

मुख्यमंत्री ने कानून-व्यवस्था का उल्लेख करते हुए कहा कि 2017 से पहले बलरामपुर समेत कई क्षेत्रों में त्योहारों के दौरान दंगे होते थे, लेकिन अब प्रदेश के 75 जिले, 350 तहसीलें और 57 हजार से अधिक ग्राम पंचायतें दंगामुक्त हैं। उन्होंने कहा कि पहले उत्तर प्रदेश की पहचान माफियाओं से होती थी, जबकि आज राज्य की पहचान विकास और सुरक्षा से हो रही है।

योगी आदित्यनाथ ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले गरीबों का राशन बीच में ही गायब हो जाता था, जबकि अब प्रत्येक पात्र व्यक्ति को मुफ्त राशन मिल रहा है। उन्होंने आयुष्मान कार्ड, प्रमाण पत्र सेवाओं और अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं का भी उल्लेख किया।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि “बेटियों और व्यापारियों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।” मुख्यमंत्री ने कहा कि बेहतर कानून-व्यवस्था के कारण प्रदेश में निवेश बढ़ रहा है और नए उद्योग स्थापित हो रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here