
रायपुर
अपराधों पर अंकुश लगाने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए तेलीबांधा थाना पुलिस एवं एसीसीयू की संयुक्त टीम ने विशेष अभियान चलाकर क्षेत्र के संदिग्ध ठिकानों, अड्डेबाजों और देवार डेरों में सघन चेकिंग की। कार्रवाई के दौरान 22 संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लेकर सत्यापन किया गया।
पुलिस द्वारा तस्दीक के बाद सभी के खिलाफ बीएनएसएस की धारा 170/126/135 के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। इसके बाद उन्हें विशेष कार्यपालिक मजिस्ट्रेट एवं सहायक पुलिस आयुक्त सिविल लाइन के न्यायालय में पेश करने के लिए भेजा गया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार क्षेत्र में असामाजिक गतिविधियों पर नजर रखने के लिए लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में पिछले चार दिनों के दौरान कुल 51 लोगों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जा चुकी है। पुलिस का कहना है कि संदिग्ध ठिकानों, अड्डेबाजों और देवार डेरों में विशेष जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा।



















