
रायपुर तेलीबांधा थाना पुलिस और एसीसीयू रायपुर की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए हिस्ट्रीशीटर अजय मोटवानी उर्फ अज्जू को गांजा बेचते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 2 किलो 186 ग्राम गांजा जब्त किया गया है, जिसकी कीमत करीब 20 हजार रुपये बताई जा रही है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि तेलीबांधा थाना क्षेत्र का हिस्ट्रीशीटर अजय मोटवानी शताब्दी नगर श्मशान घाट के पास अवैध रूप से गांजा बेचने की फिराक में है। सूचना के आधार पर पुलिस ने विशेष टीम गठित कर मौके पर घेराबंदी की और आरोपी को रंगे हाथ पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 2 किलो 186 ग्राम गांजा बरामद किया गया। इसके बाद आरोपी के खिलाफ थाना तेलीबांधा में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी अजय मोटवानी उर्फ अज्जू (36 वर्ष) तेलीबांधा क्षेत्र का निवासी है और थाना का हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ पहले भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। आरोपी पर जिला बदर और राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (एनएसए) के तहत भी कार्रवाई की जा चुकी है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।



















