
दंतेवाड़ा। नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत दंतेवाड़ा जिले में सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। खुफिया सूचना के आधार पर ग्राम तोड़मा, थाना बारसूर क्षेत्र के जंगलों में चलाए गए संयुक्त सर्च ऑपरेशन के दौरान सुरक्षा बलों ने हथियारों, विस्फोटकों और नक्सली सामग्री का बड़ा जखीरा बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, 6 जून को सीआरपीएफ की 195वीं वाहिनी और दंतेवाड़ा पुलिस ने संयुक्त रूप से सर्च अभियान शुरू किया। अभियान के दौरान जवान नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखी गई विस्फोटक सामग्री की तलाश कर रहे थे। सुबह करीब 8:40 बजे ग्राम तोड़मा के जंगल क्षेत्र में संदिग्ध वस्तु दिखाई देने पर बम निरोधक दस्ता (बीडीएस) को मौके पर बुलाया गया।
जांच में दो प्रेशर कुकर आईईडी और एक 10 किलोग्राम वजनी पाइप बम बरामद हुआ। बीडीएस टीम ने सभी विस्फोटकों को मौके पर ही सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय कर नष्ट कर दिया। सुरक्षा बलों की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से संभावित बड़ी जनहानि टल गई।
सर्चिंग के दौरान आसपास के क्षेत्र से हथियारों और विस्फोटक सामग्री का बड़ा जखीरा भी बरामद किया गया। बरामद सामग्री में बीजीएल, .303 रायफल, एयर रायफल, .303 मैगजीन, चार्जर क्लिप, इंसास मैगजीन, बीजीएल कारतूस के खाली केस, 12 बोर गोला-बारूद, .303 ब्लैंक कारतूस, वायरलेस सेट, गन पाउडर, कॉर्डेक्स वायर, इलेक्ट्रिक बेल, शॉक वेव डेटोनेटर, 128 इलेक्ट्रिक डेटोनेटर, 48 गैर-विद्युत विस्फोटक, 51 एमएम बम, दूरबीन, नक्सली वर्दी, कॉम्बैट बेल्ट, मल्टीमीटर, कैमरा फ्लैश, इलेक्ट्रिक कंट्रोल यूनिट, बैटरियां, इलेक्ट्रिक स्विच और टेलीफोन तार सहित अन्य सामग्री शामिल है।
इसके अलावा सुरक्षा बलों ने नक्सली साहित्य और दैनिक उपयोग की कई वस्तुएं भी बरामद की हैं। पुलिस ने बरामद सामग्री को जब्त कर आगे की जांच शुरू कर दी है। क्षेत्र में सर्चिंग अभियान जारी है।



















