दिल्ली अग्निकांड: होटल मालिक गिरफ्तार, पुलिस मांगेगी पांच दिन की रिमांड

0
220

नई दिल्ली दक्षिण दिल्ली के मालवीय नगर में हुए भीषण अग्निकांड के मामले में पुलिस ने होटल मालिक लवकेश बजाज को गिरफ्तार कर लिया है। 21 लोगों की मौत वाले इस हादसे की जांच को आगे बढ़ाते हुए पुलिस उसे साकेत कोर्ट में पेश करेगी और पूछताछ के लिए पांच दिन की पुलिस रिमांड की मांग कर सकती है।

पुलिस पूछताछ में होटल मालिक ने दावा किया कि वह होटल के दैनिक संचालन की निगरानी नहीं करता था और प्रबंधन से जुड़ी जिम्मेदारियां अन्य लोगों को सौंप रखी थीं। उसने यह भी बताया कि होटल में किए गए कुछ निर्माण और बदलाव अन्य व्यक्तियों की सलाह पर किए गए थे।

जांच के दौरान यह भी सामने आया कि होटल के पास अनिवार्य अग्निशमन अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) नहीं था। पुलिस अब होटल में हुए कथित अवैध निर्माण, सुरक्षा मानकों की अनदेखी और प्रबंधन से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।

गौरतलब है कि मालवीय नगर के हौज रानी इलाके में स्थित एक होटल और रेस्टोरेंट में लगी भीषण आग में 17 विदेशी नागरिकों समेत 21 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि करीब 35 लोग घायल हुए थे। राहत और बचाव अभियान के दौरान 10 पुलिसकर्मी भी घायल हुए थे।

पुलिस का कहना है कि मामले में जिम्मेदार सभी लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here