
सीएससी स्थापना दिवस पर मिला सम्मान, PACS के जरिए किसानों तक पहुंच रही ड्रोन सेवा
रायपुर छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में विकसित पैक्स (PACS) आधारित ड्रोन कृषि सेवा मॉडल को राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी पहचान मिली है। कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) ई-गवर्नेंस सर्विसेज इंडिया लिमिटेड के 17वें स्थापना दिवस समारोह में इस मॉडल को ग्रामीण कृषि आधुनिकीकरण के उत्कृष्ट उदाहरण के रूप में सम्मानित किया गया।
राष्ट्रीय मंच पर साझा हुई धमतरी की सफलता
कोलकाता में आयोजित समारोह के दौरान “बेहतर कृषि सेवाओं की उपलब्धता के लिए PACS का सशक्तिकरण” विषय पर आयोजित पैनल चर्चा में धमतरी जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने जिले के इस मॉडल और भविष्य की योजनाओं को देशभर के कृषि एवं सहकारिता विशेषज्ञों के सामने प्रस्तुत किया।
देश का पहला PACS आधारित ड्रोन कृषि मॉडल
धमतरी देश का पहला जिला बन गया है, जहां प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों के माध्यम से किसानों को ड्रोन आधारित कृषि सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। वर्तमान में जिले की 10 पैक्स समितियों में प्रशिक्षित स्थानीय ड्रोन पायलट तरल उर्वरकों और कीटनाशकों का वैज्ञानिक तरीके से छिड़काव कर रहे हैं।
किसानों को मिलेगा सीधा लाभ
ड्रोन तकनीक के उपयोग से फसलों पर उर्वरक और कीटनाशकों का सटीक एवं समान छिड़काव हो रहा है। इससे समय, पानी, खाद और श्रम की बचत के साथ लागत घटेगी और किसानों की आय बढ़ाने में मदद मिलेगी। विशेषज्ञों ने इसे टिकाऊ और आधुनिक खेती की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।
पैक्स बनेंगे किसानों के लिए वन-स्टॉप सेंटर
प्रशासन अब इस मॉडल का विस्तार करने की तैयारी में है। आगामी चरण में पैक्स समितियों के माध्यम से कृषि यंत्रीकरण, फसल सर्वेक्षण, किसान पंजीयन, बैंकिंग सेवाएं और कृषि परामर्श जैसी सुविधाएं भी एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने की योजना है, ताकि किसानों को विभिन्न सेवाओं के लिए गांव से बाहर न जाना पड़े।



















