नाबालिग वाहन चालकों और ओवरलोड ऑटो पर कार्रवाई, 3 दिनों में 145 मामलों में एक्शन

0
9

रायपुर यातायात पुलिस ने शहर में नाबालिग वाहन चालकों और क्षमता से अधिक स्कूली बच्चों को बैठाकर चलने वाले ऑटो-रिक्शाओं के खिलाफ विशेष अभियान चलाते हुए तीन दिनों में 145 मामलों में कार्रवाई की है।

अभियान के तहत केपीएस स्कूल, आत्मानंद स्कूल, भारत माता स्कूल, जे.आर. दानी स्कूल, देशबंधु स्कूल, रेयान स्कूल और केंद्रीय विद्यालय WRS समेत कई स्कूलों के बाहर विशेष जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले ऑटो-रिक्शा चालकों और नाबालिग वाहन चालकों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई।

यातायात पुलिस ने स्कूल प्राचार्यों के साथ बैठक कर विद्यालय परिसर में नाबालिग विद्यार्थियों के वाहन लेकर आने पर रोक लगाने और सुरक्षित स्कूल परिवहन व्यवस्था सुनिश्चित करने पर चर्चा की। वहीं कार्रवाई में पकड़े गए नाबालिगों के अभिभावकों की काउंसलिंग भी की गई और उन्हें सड़क सुरक्षा तथा कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी गई।

पुलिस ने अभिभावकों से अपील की है कि वे नाबालिग बच्चों को किसी भी स्थिति में मोटर वाहन न दें और स्कूल आने-जाने के लिए स्कूल बस या अधिकृत ऑटो-रिक्शा जैसी सुरक्षित परिवहन व्यवस्था का उपयोग करें।

यातायात पुलिस का कहना है कि अभियान का उद्देश्य केवल चालान करना नहीं, बल्कि सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना, अभिभावकों की जिम्मेदारी सुनिश्चित करना और सुरक्षित यातायात संस्कृति विकसित करना है। अभियान आगे भी जारी रहेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here