बिलासपुर के आत्मानंद स्कूल में 22 छात्र फेल, अभिभावकों ने किया घेराव

0
2

कक्षा 9वीं के 45 विद्यार्थियों में 22 अनुत्तीर्ण; अभिभावकों ने परिणाम पर उठाए सवाल, प्राचार्य ने आरोपों को किया खारिज


बिलासपुर तिलक नगर स्थित स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय में कक्षा 9वीं और 11वीं के परीक्षा परिणाम को लेकर विवाद सामने आया है। कक्षा 9वीं के कुल 45 विद्यार्थियों में से 22 छात्रों के अनुत्तीर्ण होने से नाराज अभिभावक और विद्यार्थी स्कूल पहुंचे और प्राचार्य का घेराव कर परिणाम पर आपत्ति जताई।

विद्यार्थियों ने आरोप लगाया कि उन्होंने परीक्षा में प्रश्नों के उत्तर लिखे थे, इसके बावजूद उन्हें अनुत्तीर्ण घोषित कर दिया गया। कुछ छात्रों ने ड्रेस सहित अन्य कारणों को लेकर भी उन्हें जानबूझकर फेल किए जाने का आरोप लगाया। वहीं अभिभावकों का कहना है कि एक ही कक्षा में इतनी बड़ी संख्या में विद्यार्थियों का फेल होना स्कूल की शिक्षण व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है।

अभिभावकों और विद्यार्थियों के विरोध के बीच स्कूल प्रबंधन ने अपने स्तर पर स्थिति स्पष्ट की। प्राचार्य श्रद्धा गौरहा ने सभी आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि परीक्षा परिणाम पूरी पारदर्शिता के साथ तैयार किए गए हैं।

प्राचार्य के मुताबिक अभिभावकों को विद्यार्थियों की उत्तरपुस्तिकाएं भी दिखाई गई हैं। उन्होंने बताया कि कई विद्यार्थियों ने प्रश्नों के उत्तर अधूरे लिखे थे, जिसके कारण वे परीक्षा में सफल नहीं हो सके।

मामले को लेकर अभिभावकों और स्कूल प्रबंधन के बीच परिणाम की निष्पक्षता और विद्यार्थियों के प्रदर्शन को लेकर मतभेद बना हुआ है। अभिभावक पूरे मामले की स्पष्ट जांच और परिणाम को लेकर संतोषजनक जवाब की मांग कर रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here