बेंगलुरु में 8 से 12 फरवरी 2027 तक होगा 16वां एयरो इंडिया

0
3
Nby

एशिया के सबसे बड़े एयर शो में दुनिया की प्रमुख एयरोस्पेस और रक्षा कंपनियां लेंगी हिस्सा, 3 सितंबर से शुरू होगा ऑनलाइन पंजीकरण


नई दिल्ली एशिया के सबसे बड़े एयर शो और दुनिया की प्रमुख विमानन एवं रक्षा प्रदर्शनियों में शामिल 16वां एयरो इंडिया अगले साल 8 से 12 फरवरी 2027 तक बेंगलुरु के येलाहांका वायु सेना स्टेशन में आयोजित किया जाएगा। रक्षा मंत्रालय के रक्षा उत्पादन विभाग की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में देश-विदेश की प्रमुख एयरोस्पेस और रक्षा कंपनियों के साथ नीति निर्माता, तकनीकी विशेषज्ञ, नवोन्मेषक, उद्योग जगत के प्रतिनिधि और रक्षा बलों के अधिकारी शामिल होंगे।

एयरो इंडिया भारत की एयरोस्पेस, रक्षा विनिर्माण, उभरती तकनीकों और नवाचार क्षमता को दुनिया के सामने रखने वाला प्रमुख अंतरराष्ट्रीय मंच है। इस आयोजन के जरिए व्यापारिक साझेदारी, तकनीकी आदान-प्रदान, अंतरराष्ट्रीय सहयोग और रणनीतिक संवाद को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

आयोजन में भारत के तेजी से विकसित हो रहे रक्षा औद्योगिक पारितंत्र और वैश्विक एयरोस्पेस एवं रक्षा क्षेत्र में बढ़ती भूमिका को भी प्रदर्शित किया जाएगा। दुनिया भर की कंपनियों और विशेषज्ञों की भागीदारी से यह आयोजन रक्षा क्षेत्र में नए सहयोग और तकनीकी अवसरों के लिए महत्वपूर्ण मंच बनेगा।

एयरो इंडिया 2027 के लिए एक समर्पित वेब-आधारित पोर्टल तैयार किया गया है। इसके माध्यम से प्रदर्शकों और आगंतुकों को प्रदर्शनी में भागीदारी के लिए आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। प्रदर्शनी में स्थान के लिए ऑनलाइन पंजीकरण और बुकिंग 3 सितंबर 2026 से शुरू होगी। इच्छुक प्रदर्शक और प्रतिभागी इसके लिए एयरो इंडिया की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से आवेदन कर सकेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here