
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में बनकर तैयार ओपन जेल अब तक शुरू नहीं होने पर छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने नाराजगी जताई है। कोर्ट ने जेल एवं सुधारात्मक सेवाओं के महानिदेशक (DG Prisons) को दो सप्ताह के भीतर नया शपथपत्र दाखिल करने का निर्देश दिया है। इसमें स्पष्ट रूप से बताना होगा कि पथर्रा गांव में बनी ओपन जेल को कब तक शुरू किया जाएगा।
26 नवंबर को मुख्य न्यायाधीश कृष्णराम महापात्र और न्यायमूर्ति संतोष शर्मा की खंडपीठ में इस मामले से जुड़ी जनहित याचिका और अन्य संबंधित याचिकाओं पर सुनवाई हुई। इस दौरान राज्य सरकार की ओर से कोर्ट को बताया गया कि जेल को जल्द शुरू करने की तैयारी की जा रही है। हालांकि, जेल महानिदेशक की ओर से पहले पेश किए गए शपथपत्र में इसके संचालन की कोई निश्चित तारीख नहीं बताई गई थी।
सुरक्षा के लिए तैनात किए गए जवान
सुनवाई के दौरान सरकार की ओर से बताया गया कि बेमेतरा की ओपन जेल की बाहरी सुरक्षा की जिम्मेदारी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (CAF) की 15वीं बटालियन की डी कंपनी को अस्थायी रूप से सौंपी गई है। यह कंपनी फिलहाल कबीरधाम में तैनात थी, जिसे बेमेतरा पुलिस अधीक्षक के अधीन सुरक्षा व्यवस्था के लिए लगाया गया है। सुरक्षा में तैनात जवानों के रहने की व्यवस्था भी की जा चुकी है।
18 बंदियों को भेजने की तैयारी, कर्मचारियों की नियुक्ति बाकी
सरकार ने अदालत को यह भी जानकारी दी कि प्रदेश की अलग-अलग जेलों में बंद 18 कैदियों को बेमेतरा की ओपन जेल में स्थानांतरित करने के लिए चिह्नित किया गया है। हालांकि, जेल के नियमित संचालन के लिए जरूरी अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों की नियुक्ति अभी पूरी नहीं हुई है।
छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता अभिषेक सिन्हा ने भी अदालत को बताया कि हाईकोर्ट के हस्तक्षेप के बाद कुछ जरूरी कदम उठाए गए हैं, लेकिन जेल के संचालन के लिए आवश्यक स्टाफ की तैनाती अब भी बाकी है।
दो सप्ताह में बतानी होगी संचालन की तारीख
सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने स्पष्ट किया कि जेल के निर्माण और सुरक्षा व्यवस्था की तैयारी के बावजूद उसके शुरू होने की तारीख तय नहीं होना चिंता का विषय है। अदालत ने जेल महानिदेशक को दो सप्ताह के भीतर नया शपथपत्र पेश कर ओपन जेल के संचालन की निश्चित समयसीमा बताने का निर्देश दिया है।
बेमेतरा के पथर्रा गांव में बनाई गई इस ओपन जेल की क्षमता 200 बंदियों की है। इसके शुरू होने से प्रदेश की अन्य जेलों में बंद पात्र कैदियों को यहां स्थानांतरित करने का रास्ता खुलेगा। फिलहाल सभी की नजरें जेल प्रशासन की अगली रिपोर्ट और ओपन जेल के संचालन की तारीख पर टिकी हैं।










