
सिविल लाइन पुलिस और एंटी क्राइम यूनिट की संयुक्त कार्रवाई, आरोपी की निशानदेही पर बटनदार चाकू और पीड़ित का दोपहिया वाहन बरामद
रायपुर राजधानी में युवक पर चाकू से जानलेवा हमला करने के मामले में फरार चल रहे आरोपी अजय रक्सेल को पुलिस ने कांकेर से गिरफ्तार कर लिया है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और थाना सिविल लाइन पुलिस की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल बटनदार चाकू और पीड़ित का दोपहिया वाहन भी बरामद किया है। मामले में शामिल अन्य आरोपी अभी फरार हैं।
पुलिस के मुताबिक, 26 अगस्त 2026 की रात शुभम श्रीवास्तव को अजय रक्सेल अपनी गाड़ी में बैठाकर दाउजी बिल्डिंग के पास एक गली में ले गया था। वहां उसने अपने साथी हर्ष कोसले और एक अन्य व्यक्ति को बुलाया। आरोप है कि पुरानी रंजिश को लेकर विवाद के बाद आरोपियों ने शुभम के साथ गाली-गलौज और मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी दी।
विवाद के दौरान शुभम पर चाकू से हमला किया गया, जिससे उसके दोनों पैरों सहित शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आईं। घटना के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए। पीड़ित की शिकायत पर सिविल लाइन थाने में अपराध क्रमांक 454/2026 दर्ज कर बीएनएस की धारा 296, 351(3), 109(1), 3(5), 309(4) और आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27 के तहत जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपियों की तलाश के लिए संयुक्त टीम गठित की। टीम ने पीड़ित से पूछताछ के साथ संभावित ठिकानों पर दबिश दी और मुखबिर तंत्र तथा तकनीकी विश्लेषण के जरिए आरोपियों की लोकेशन पता लगाने का प्रयास किया। इसी दौरान अजय रक्सेल के कांकेर में छिपे होने की सूचना मिली। इसके बाद पुलिस टीम कांकेर पहुंची और लगातार तलाश के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, अजय रक्सेल का पूर्व में भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। वर्ष 2022 में वह थाना तेलीबांधा और वर्ष 2023 में थाना सिविल लाइन में मारपीट एवं आर्म्स एक्ट से जुड़े मामलों में गिरफ्तार होकर जेल जा चुका है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अजय रक्सेल (24), पिता राज रक्सेल, निवासी नवभारत प्रेस, रजबंधा मैदान के पास, मरही माता मंदिर क्षेत्र, थाना मौदहापारा, रायपुर के रूप में हुई है। हर्ष कोसले समेत अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।















