15 अगस्त को रायपुर में बदलेगी यातायात व्यवस्था, पार्किंग से डायवर्जन तक पूरी तैयारी

0
7
Nby

स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर ट्रैफिक पुलिस ने जारी की विशेष व्यवस्था


रायपुरस्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह को देखते हुए 15 अगस्त को रायपुर में यातायात व्यवस्था में बदलाव किया जाएगा। पुलिस परेड ग्राउंड में मुख्यमंत्री द्वारा ध्वजारोहण और परेड की सलामी के दौरान बड़ी संख्या में अतिथियों, विद्यार्थियों और नागरिकों के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए यातायात पुलिस ने पार्किंग, प्रवेश मार्ग और डायवर्जन की विस्तृत व्यवस्था की है।

कार पास के रंग के अनुसार पार्किंग

लाल कार पास वाले आमंत्रित अतिथि PWD चौक, छत्तीसगढ़ कॉलेज, कुंदन पैलेस, PWD कॉलोनी और MT वर्क्स शॉप गेट होते हुए वायरलेस ऑफिस के सामने से VIP पार्किंग तक पहुंच सकेंगे।

हरे कार पास वाले अतिथि PWD चौक से छत्तीसगढ़ कॉलेज, कुंदन पैलेस और RI गेट चौक होते हुए सेंट पॉल स्कूल की पार्किंग में वाहन खड़ा करेंगे।

बिना कार पास आने वाले लोगों के लिए सेंट पॉल स्कूल ग्राउंड में पार्किंग की व्यवस्था रहेगी। यहां वाहन खड़ा करने के बाद दर्शक RI गेट से पैदल पुलिस लाइन में प्रवेश कर सकेंगे।

स्कूल बसों के लिए अलग रूट

विद्यार्थियों और प्रतिभागियों को लेकर आने वाली स्कूल बसों को पुलिस लाइन के धमतरी गेट से प्रवेश दिया जाएगा। हेलीपेड के पास विद्यार्थियों को उतारने के बाद बसों को स्केटिंग ग्राउंड के समीप निर्धारित पार्किंग स्थल पर खड़ा कराया जाएगा।

कई मार्गों पर रहेगा प्रतिबंध

समारोह के दौरान पेंशनबाड़ा चौक, PWD चौक और महिला थाना चौक से पुलिस लाइन की ओर केवल अधिकृत वाहनों को प्रवेश दिया जाएगा। आवश्यकता के अनुसार सामान्य यातायात को वैकल्पिक मार्गों से डायवर्ट किया जाएगा।

कार्यक्रम स्थल के आसपास मुख्य और संपर्क मार्गों पर सड़क किनारे वाहन खड़ा करना प्रतिबंधित रहेगा। निर्धारित पार्किंग के बाहर वाहन मिलने पर यातायात पुलिस कार्रवाई करेगी।

मीडिया वाहनों के लिए भी व्यवस्था

मीडिया की OB वैन को पुलिस लाइन के धमतरी गेट से प्रवेश दिया जाएगा। इनके लिए हेलीपेड के पास निर्धारित पार्किंग स्थल की व्यवस्था की गई है।

परेड ग्राउंड में इन सामानों पर रोक

सुरक्षा व्यवस्था के तहत शराब, बीड़ी-सिगरेट, गुटखा, तंबाकू, माचिस, लाइटर, ज्वलनशील पदार्थ, छाता, पटाखे और हथियार सहित कई वस्तुओं को समारोह स्थल के अंदर ले जाने पर प्रतिबंध रहेगा। चाकू, तलवार, कैंची, ब्लेड, लाठी, हॉकी स्टिक, गुब्बारे, गेंद, प्रचार सामग्री, लाउड हैलर, हॉर्न, रेडियो और पालतू जानवरों को भी अंदर ले जाने की अनुमति नहीं होगी।

समय से पहले निकलने की अपील

यातायात पुलिस ने नागरिकों से निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही इस्तेमाल करने और सड़क किनारे वाहन नहीं खड़ा करने की अपील की है। लोगों से बैरिकेडिंग और डायवर्जन व्यवस्था का पालन करने तथा भीड़ और यातायात दबाव से बचने के लिए घर से समय से पहले निकलने को कहा गया है।

पुलिस के अनुसार स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान अतिथियों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन उपलब्ध कराना प्राथमिकता रहेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here