मुंबई । 2026 की बहुप्रतीक्षित स्पिरिचुअल सीक्वल फिल्मों में शुमार वध 2 अपनी थिएट्रिकल रिलीज़ के करीब पहुंच चुकी है और इसे लेकर दर्शकों में उत्साह चरम पर है। नीना गुप्ता और संजय मिश्रा जैसे सशक्त कलाकारों से सजी इस एक्टर-ड्रिवन फ्रैंचाइज़ ने ट्रेलर रिलीज़ के बाद से ही दर्शकों का ध्यान खींचा है।
फिल्म के प्रमोशन के दौरान एक भावुक पल उस वक्त सामने आया, जब संजय मिश्रा, नीना गुप्ता और कुमुद मिश्रा ने हाल ही में नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा (NSD), नई दिल्ली का दौरा किया। प्रतिष्ठित संस्थान के पूर्व छात्र होने के नाते तीनों कलाकारों का छात्रों, फैकल्टी और थिएटर प्रेमियों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। यह मुलाकात थिएटर, सिनेमा और अभिनय के साझा उत्सव में तब्दील हो गई।
एनएसडी के दिनों को याद करते हुए संजय मिश्रा ने बताया कि वहां की सबसे बड़ी सीख क्लासरूम से नहीं, बल्कि सीनियर कलाकारों को करीब से देखने से मिली। खास तौर पर दिवंगत अभिनेता इरफान खान का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि उन्हें अभिनय करते देखना ही अपने आप में एक पाठ था।
संजय मिश्रा ने कहा,
“मुझे नहीं पता कि एनएसडी में मैंने क्या सीखा, लेकिन मेरे आसपास इरफान भाई जैसे लोग थे। आप बस उन्हें देखते रह सकते थे। वीरेंद्र सक्सेना, अंकुर जी, अनुप दा—ऐसे कलाकार थे जिन्हें देखकर ही बहुत कुछ सीखने को मिलता था। एक बार इरफान भाई को परफॉर्म करते देखकर मेरे मन में आया कि ये आदमी एक्टिंग कब शुरू करेगा? वो उस स्तर पर खेल रहे थे।”
https://www.instagram.com/reel/DUPj2V-kfPA/?igsh=N3pqNGRkcnZ3b2Nl
उनकी इन बातों ने वहां मौजूद सभी लोगों को भावनात्मक रूप से जोड़ दिया और यह स्पष्ट हुआ कि एनएसडी में सीखने की प्रक्रिया अनुभव, ऑब्ज़र्वेशन और प्रेरणा से जुड़ी होती है।
जसपाल सिंह संधू द्वारा लिखित और निर्देशित वध 2 में संजय मिश्रा और नीना गुप्ता नए किरदारों में नजर आएंगे, जबकि फिल्म में पहले भाग की इमोशनल और दार्शनिक गहराई को बरकरार रखा गया है। लव रंजन और अंकुर गर्ग की लव फिल्म्स के बैनर तले बनी यह फिल्म पहले ही 2026 की सबसे चर्चित फिल्मों में शामिल हो चुकी है।
56वें IFFI 2025 में गाला प्रीमियर के दौरान फिल्म को मिली जोरदार तालियों ने संजय मिश्रा और नीना गुप्ता की सिनेमा जगत में स्थायी और मजबूत पहचान को एक बार फिर साबित कर दिया है। वध 2 6 फरवरी 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी।




















