रिंकू सिंह को योगी सरकार का तोहफा, बनेंगे क्षेत्रीय खेल अधिकारी
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ से निकलकर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पहचान बनाने वाले क्रिकेटर रिंकू सिंह अब एक नई भूमिका में नजर आएंगे। यूपी सरकार उन्हें आज क्षेत्रीय खेल अधिकारी के पद पर नियुक्ति पत्र सौंपेगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ स्वयं उन्हें यह नियुक्ति पत्र प्रदान करेंगे।
रिंकू सिंह, जिन्होंने अपने संघर्ष और मेहनत से क्रिकेट जगत में खास मुकाम हासिल किया है, अब खेल के विकास में प्रशासनिक जिम्मेदारी निभाते हुए नजर आएंगे। अलीगढ़ के एक छोटे से गांव से निकलकर उन्होंने देश और प्रदेश का नाम रोशन किया है।
बताया जा रहा है कि इससे पहले उन्हें बेसिक शिक्षा अधिकारी के पद पर नियुक्त किया गया था, लेकिन शैक्षणिक योग्यता को लेकर विवाद के चलते वह नियुक्ति रद्द कर दी गई थी। अब सरकार ने उन्हें खेल विभाग में उनकी विशेषज्ञता के अनुरूप जिम्मेदारी देने का निर्णय लिया है।
आज के कार्यक्रम में रिंकू सिंह के साथ-साथ क्रिकेट, हॉकी, एथलेटिक्स और पैरालंपिक समेत विभिन्न खेलों से जुड़े कुल 14 खिलाड़ियों को नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे।
रिंकू सिंह ने घरेलू क्रिकेट में लंबे संघर्ष के बाद आईपीएल और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। हाल के समय में निजी जीवन की चुनौतियों के बावजूद उन्होंने खेल के प्रति अपनी प्रतिबद्धता बनाए रखी, जिसकी व्यापक सराहना भी हुई है।
























