रायपुर में 50 करोड़ की रंगदारी का कॉल, बिश्नोई गैंग के नाम पर ढेबर परिवार को धमकी

0
4

रायपुर छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में ढेबर परिवार को कथित तौर पर 50 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने और रकम नहीं देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दिए जाने का मामला सामने आया है। कॉल करने वाले ने खुद को बिश्नोई गैंग से जुड़ा बताया और बातचीत में एजाज ढेबर और अनवर ढेबर का नाम लिया। शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

कर्मचारी के मोबाइल पर आया धमकी भरा फोन

जानकारी के मुताबिक, ढेबर परिवार के एक कर्मचारी के मोबाइल पर अज्ञात नंबर से फोन आया था। कॉल करने वाले ने खुद को बिश्नोई गैंग से जुड़ा बताते हुए 50 करोड़ रुपये की मांग की। रकम नहीं देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई।

कर्मचारी ने कॉल की जानकारी तत्काल परिवार के लोगों को दी, जिसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई।

कॉलर की तलाश में जुटी पुलिस

शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तकनीकी जांच शुरू कर दी है। जिस मोबाइल नंबर से कॉल किया गया, उसके कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR), लोकेशन और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच की जा रही है। पुलिस कॉल करने वाले की पहचान और उसके संभावित ठिकाने का पता लगाने में जुटी है।

बिश्नोई गैंग से सच में कनेक्शन या सिर्फ नाम का इस्तेमाल?

जांच में पुलिस इस पहलू को भी खंगाल रही है कि धमकी देने वाला व्यक्ति वास्तव में किसी संगठित गिरोह से जुड़ा है या रंगदारी वसूलने के लिए सिर्फ बिश्नोई गैंग का नाम इस्तेमाल कर रहा था। पुलिस व्यक्तिगत रंजिश और किसी अन्य विवाद समेत दूसरे संभावित पहलुओं की भी जांच कर रही है।

पुलिस कमिश्नर ने की धमकी की पुष्टि

रायपुर पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने धमकी भरा कॉल आने की पुष्टि की है। पुलिस के अनुसार, शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है। फिलहाल कॉलर की पहचान या उसके किसी गिरोह से वास्तविक संबंध की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here