अवैध संबंध के शक में हत्या का आरोप, किराएदार ने मकान मालिक का गला दबाया; आरोपी गिरफ्तार

0
106

रायपुर राजधानी से लगे राखी थाना क्षेत्र के ग्राम गनौद में अवैध संबंध के शक को लेकर हुए विवाद में एक व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, किराएदार ने अपने मकान मालिक का गला दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

मकान मालिक को पत्नी और किराएदार के बीच संबंध का था शक

मृतक की पहचान ग्राम गनौद निवासी वेद राम साहू (45) के रूप में हुई है। वहीं आरोपी पुरुषोत्तम धीवर उर्फ छोटू (25) है, जो मूल रूप से मंदिर हसौद थाना क्षेत्र के ग्राम धमनी भाटापारा का रहने वाला बताया गया है।

रायपुर ग्रामीण के ASP अभिषेक कुमार झा के अनुसार, पुरुषोत्तम पिछले करीब एक-दो साल से वेद राम साहू के मकान में किराए पर रह रहा था और वहीं ऑटो पार्ट्स की दुकान चलाता था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वेद राम को अपनी पत्नी और किराएदार पुरुषोत्तम के बीच अवैध संबंध होने का शक था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था।

कहासुनी के बाद हाथापाई, गला दबाने का आरोप

पुलिस के मुताबिक, घटना वाले दिन भी इसी मुद्दे को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। कहासुनी बढ़ने के बाद मामला हाथापाई तक पहुंच गया। इसी दौरान आरोपी पर वेद राम साहू का गला दबाने का आरोप है। इसके बाद वेद राम की मौत हो गई।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस

राखी थाना पुलिस को घटना की सूचना सुबह करीब 11:30 बजे मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ पुलिस ने आसपास के लोगों और परिजनों से पूछताछ की। इसके बाद घेराबंदी कर आरोपी पुरुषोत्तम धीवर उर्फ छोटू को हिरासत में लिया गया।

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार

पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर मौत के कारणों तथा घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की पुष्टि की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here