
खैरागढ़ में 18.75 करोड़ की लागत से बन रहा संयुक्त जिला कार्यालय भवन, जून 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य; अधिकारियों को गुणवत्ता और समय-सीमा का पालन करने के निर्देश
रायपुर। लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले में चल रहे निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने खैरागढ़ में निर्माणाधीन संयुक्त जिला कार्यालय भवन, सर्किट हाउस, बायपास मार्ग, आमनेर नदी पर उच्च स्तरीय पुल और सड़क चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की।
इस दौरान उन्होंने विभागीय अधिकारियों और निर्माण एजेंसियों को सभी कार्य निर्धारित गुणवत्ता एवं तकनीकी मानकों के अनुरूप तय समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
18.75 करोड़ की लागत से बन रहा संयुक्त जिला कार्यालय भवन
सचिव बंसल ने 18 करोड़ 75 लाख रुपये की लागत से निर्माणाधीन संयुक्त जिला कार्यालय भवन का निरीक्षण किया। कार्यपालन अभियंता एल.एन.एस. राठौर ने बताया कि भवन के भूतल में स्तंभ निर्माण का कार्य पूरा हो चुका है। प्रथम तल के ब्लॉक ‘ए’ में स्लैब और शटरिंग का काम जारी है, जबकि ब्लॉक ‘बी’ और ‘सी’ में कॉलम स्तर तक निर्माण पूरा कर लिया गया है।
संयुक्त जिला कार्यालय भवन को जून 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
मार्च 2027 तक पूरा होगा सर्किट हाउस
बंसल ने 3 करोड़ 4 लाख रुपये की लागत से बन रहे सर्किट हाउस का भी जायजा लिया। यहां भवन के ऊपरी ढांचे का निर्माण कार्य प्रगति पर है। विभाग ने मार्च 2027 तक इसका निर्माण पूरा करने का लक्ष्य रखा है।
आमनेर नदी पर पुल निर्माण की समीक्षा
सचिव ने खैरागढ़ बायपास मार्ग पर आमनेर नदी में बन रहे उच्च स्तरीय पुल का निरीक्षण किया। पुल के दोनों एबटमेंट का निर्माण पूरा हो चुका है। वहीं, सभी पांच पियर और छह में से तीन स्पैन की ढलाई का काम जारी है।
पुल का निर्माण फरवरी 2027 तक पूरा किया जाना है। सचिव ने संबंधित अधिकारियों और निर्माण एजेंसी को तय समय-सीमा में काम पूरा करने के निर्देश दिए।
सड़क निर्माण की बाधाएं जल्द दूर करने के निर्देश
सचिव बंसल ने राज्य मार्ग क्रमांक-5 पर 10.40 किलोमीटर में चल रहे सड़क चौड़ीकरण और मजबूतीकरण कार्य का भी निरीक्षण किया। उन्होंने मार्ग पर 10 किलोमीटर डीबीएम कार्य, 400 मीटर क्षेत्र में वृक्ष कटाई तथा पाइपलाइन और बिजली के खंभों के स्थानांतरण से जुड़ी बाधाओं की जानकारी ली।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को इन बाधाओं को जल्द दूर करने के निर्देश दिए, ताकि निर्माण कार्य में तेजी लाई जा सके।
निरीक्षण के दौरान लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता वी.के. भतपहरी, दुर्ग परिक्षेत्र के मुख्य अभियंता एन.के. जयंत, अधीक्षण अभियंता अर्पणा चौरपगार, सेतु संभाग दुर्ग के कार्यपालन अभियंता चंद्रकिशोर पाण्डेय और विद्युत एवं यांत्रिकी संभाग दुर्ग के कार्यपालन अभियंता अब्दुल कादिर सहित विभागीय अधिकारी, उप अभियंता और ठेकेदार मौजूद रहे।


















