
वन मंत्री केदार कश्यप ने बीजापुर के उल्लूर गांव से किया वर्चुअल शुभारंभ, पहले चरण में 9 किलोमीटर का सफारी मार्ग निर्धारित
रायपुर । छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले स्थित इंद्रावती टाइगर रिजर्व में जंगल सफारी की शुरुआत हो गई है। वन मंत्री केदार कश्यप ने ग्राम उल्लूर में जंगल सफारी का वर्चुअल शुभारंभ किया।
इस पहल से पर्यटक अब इंद्रावती टाइगर रिजर्व के प्राकृतिक सौंदर्य, वन्यजीवों और समृद्ध जैव विविधता को करीब से देख सकेंगे। इससे क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा मिलने की भी उम्मीद है।
पहले चरण में 9 किलोमीटर का सफारी मार्ग
जंगल सफारी के पहले चरण में बीजापुर जिले के उल्लूर गांव से उंडलापर्ती तक लगभग 9 किलोमीटर का मार्ग निर्धारित किया गया है। इसी मार्ग पर पर्यटक जंगल के प्राकृतिक वातावरण और वन्यजीवों का अनुभव कर सकेंगे।
















