श्रीलंका ने पाकिस्तान को 8 विकेट से हराया, एशियन गेम्स महिला क्रिकेट के फाइनल में पहुंची

0
6

निशिन एशियन गेम्स 2026 के महिला क्रिकेट के पहले सेमीफाइनल में श्रीलंका ने पाकिस्तान को 8 विकेट से हराकर फाइनल में जगह बना ली। कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में खेले गए मुकाबले में श्रीलंकाई कप्तान चमारी अथापट्टू ने नाबाद 83 रन की शानदार पारी खेलकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।

पाकिस्तान ने बनाए 177 रन

टॉस जीतकर श्रीलंका ने पहले गेंदबाजी का फैसला किया। पाकिस्तान ने 20 ओवर में 4 विकेट पर 177 रन बनाए। आयशा जफर ने 40 गेंदों में 71 रन बनाए, जिसमें 9 चौके और 2 छक्के शामिल रहे। वहीं शवाल जुल्फिकार ने 50 गेंदों में 54 रन की पारी खेली। कप्तान फातिमा सना 20 रन बनाकर नाबाद रहीं।

अथापट्टू ने 83 रन की नाबाद पारी खेली

178 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका ने इसे महज 17.5 ओवर में 2 विकेट खोकर हासिल कर लिया। इमेशा दुलानी ने 27 रन बनाए, जबकि हसिनी परेरा ने 26 गेंदों में 42 रन की तेज पारी खेली।

कप्तान चमारी अथापट्टू ने 50 गेंदों में 7 चौकों और 6 छक्कों की मदद से नाबाद 83 रन बनाए। उनके साथ हर्षिता समरविक्रमा 17 रन बनाकर नाबाद रहीं।

फाइनल में भारत-बांग्लादेश सेमीफाइनल के विजेता से मुकाबला

इस जीत के साथ श्रीलंका ने एशियन गेम्स के महिला क्रिकेट फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। फाइनल में उसका सामना भारत और बांग्लादेश के बीच होने वाले दूसरे सेमीफाइनल के विजेता से होगा। फाइनल और कांस्य पदक का मुकाबला 22 सितंबर को खेला जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here