
गृह मंत्री ने संसद की कार्यवाही बाधित करने का लगाया आरोप, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने SIR को लेकर कांग्रेस पर भ्रामक प्रचार करने की बात कही
चंडीगढ़। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर संसद की कार्यवाही बाधित करने और राजनीतिक विरोध के नाम पर अराजकता फैलाने का आरोप लगाया। हरियाणा के करनाल में आयोजित एक रैली को संबोधित करते हुए शाह ने कहा कि 2014, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनावों के दौरान स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) नहीं हुआ था, इसके बावजूद कांग्रेस को लगातार तीन चुनावों में हार का सामना करना पड़ा।
राहुल गांधी पर संसद में हंगामा करने का आरोप
अमित शाह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बहस की चुनौती देने और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर हो रहे विरोध प्रदर्शनों पर भी राहुल गांधी को घेरा।
शाह ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस संसद की कार्यवाही को सुचारु रूप से चलने नहीं देती। उन्होंने कहा कि संसद लोकतंत्र में बहस का सर्वोच्च मंच है, लेकिन कांग्रेस महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा करने के बजाय हंगामा और बहिष्कार करती है।
गृह मंत्री ने कहा कि संसद में चर्चा करने के बजाय सड़कों पर भीड़ जुटाकर अराजकता फैलाने की कोशिश की जाती है। उन्होंने कांग्रेस से संसद में महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा करने की बात कही।
सैनी बोले- SIR पर गलत जानकारी फैला रही कांग्रेस
रैली में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने भी SIR के मुद्दे पर कांग्रेस को निशाने पर लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस मतदाता सूची में संशोधन की प्रक्रिया को लेकर गलत जानकारी फैला रही है और लोगों को गुमराह करने का प्रयास कर रही है।
सैनी ने कहा कि लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत आम नागरिक का वोट है। किसी व्यक्ति के पास धन, रसूख या बड़े परिवार का समर्थन हो या न हो, मतदान केंद्र पर उसका वोट उतना ही महत्वपूर्ण होता है जितना देश के किसी प्रभावशाली व्यक्ति का।
उन्होंने कहा कि एक वोट किसान की मेहनत, मजदूर की उम्मीदों, युवाओं के भविष्य और महिलाओं की आकांक्षाओं का प्रतिनिधित्व करता है। चुनाव आयोग समय-समय पर मतदाता सूची में संशोधन की प्रक्रिया करता है, लेकिन कांग्रेस इस प्रक्रिया को लेकर झूठ और भ्रम फैलाने का प्रयास कर रही है।

















