अरुण देव गौतम बने छत्तीसगढ़ के नए डीजीपी, सरकार ने जारी किया आदेश

0
119

अरुण देव गौतम बने छत्तीसगढ़ के नए डीजीपी, सरकार ने जारी किया आदेश

रायपुर, 16 मई 2026 – छत्तीसगढ़ शासन ने 1992 बैच के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी अरुण देव गौतम को प्रदेश का नया पुलिस महानिदेशक (DGP) नियुक्त किया है। वे अब तक प्रभारी डीजीपी के रूप में जिम्मेदारी संभाल रहे थे। शासन द्वारा जारी आदेश के बाद अब उन्हें औपचारिक रूप से प्रदेश पुलिस की कमान सौंप दी गई है।

अरुण देव गौतम मूल रूप से उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले के अभयपुर गांव के निवासी हैं। साधारण किसान परिवार से आने वाले गौतम ने अपनी शुरुआती शिक्षा गांव के सरकारी स्कूल से प्राप्त की। बाद में उन्होंने इलाहाबाद के राजकीय इंटर कॉलेज से दसवीं और बारहवीं की पढ़ाई पूरी की।

उच्च शिक्षा के लिए उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से स्नातक और राजनीति शास्त्र में परास्नातक की डिग्री हासिल की। इसके बाद जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से अंतरराष्ट्रीय कानून में एमफिल किया।

आईपीएस सेवा में चयन के बाद वर्ष 1992 में उन्हें तत्कालीन मध्यप्रदेश कैडर मिला और प्रशिक्षु अधिकारी के रूप में उनकी पहली पोस्टिंग जबलपुर में हुई। वर्ष 2000 में छत्तीसगढ़ राज्य गठन के बाद उन्होंने छत्तीसगढ़ कैडर का चयन किया और तब से प्रदेश में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं।

अपने लंबे प्रशासनिक अनुभव के दौरान अरुण देव गौतम ने कोरिया, रायगढ़, जशपुर, राजनांदगांव, सरगुजा और बिलासपुर जैसे जिलों में पुलिस अधीक्षक (SP) के रूप में सेवाएं दीं। कानून-व्यवस्था, प्रशासनिक समन्वय और पुलिसिंग में उनके अनुभव को देखते हुए सरकार ने उन्हें प्रदेश पुलिस का नेतृत्व सौंपा है।

पुलिस महकमे में उनकी छवि एक शांत, अनुशासित और प्रशासनिक रूप से मजबूत अधिकारी की मानी जाती है। माना जा रहा है कि उनके नेतृत्व में छत्तीसगढ़ पुलिस कानून-व्यवस्था और साइबर अपराध जैसे मामलों में नई रणनीति के साथ काम करेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here