जशपुर के सभी विकासखंडों में युवाओं ने संभाली स्वच्छता और नशामुक्ति की कमान

0
10

जशपुर जिले में युवाओं ने स्वच्छता, सामाजिक जागरूकता और नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए अभियान चलाया। माय भारत, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के सेवा पखवाड़ा के तहत जिला प्रशासन के समन्वय से जिले के सभी विकासखंडों में स्वच्छता, श्रमदान और जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।

माय भारत के राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवकों और स्थानीय युवाओं ने गांव-गांव पहुंचकर स्वच्छता और नशामुक्ति का संदेश दिया। इस दौरान सार्वजनिक स्थलों, बाजारों और धार्मिक परिसरों की साफ-सफाई के साथ कचरा संग्रहण एवं उचित निपटान के लिए लोगों को जागरूक किया गया।

कुनकुरी से फरसाबहार तक युवाओं ने किया श्रमदान

कुनकुरी विकासखंड के ग्राम पंचायत कुंजारा में बाजार परिसर, अटल चौक और मंदिर परिसर में सामूहिक श्रमदान कर स्वच्छता अभियान चलाया गया। वहीं फरसाबहार विकासखंड के ग्राम साको-कोतेबिरा स्थित शिव मंदिर परिसर में भी सफाई अभियान और जागरूकता सभा आयोजित की गई।

मनोरा और जशपुर में भी चला अभियान

मनोरा विकासखंड के ग्राम केसरा में स्वच्छता शपथ, सार्वजनिक स्थलों की सफाई, कचरा संग्रहण और जागरूकता सभा का आयोजन किया गया। जशपुर विकासखंड के ग्राम दमेरा सहित अन्य क्षेत्रों में भी माय भारत के स्वयंसेवकों और युवाओं ने श्रमदान किया।

बगीचा में नशामुक्ति का संदेश

बगीचा विकासखंड के ग्राम पंचायत बुड़ाढाड़ में 28 सितंबर को स्वच्छता पखवाड़ा और नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। ग्रामीणों और युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी दी गई और स्वस्थ एवं नशामुक्त समाज के निर्माण में भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया गया।

युवाओं ने दिया स्वच्छता और जनभागीदारी का संदेश

अभियान के दौरान युवाओं ने लोगों से सार्वजनिक स्थलों पर कचरा नहीं फैलाने, कचरे का उचित निपटान करने और स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की। साथ ही नशे से दूर रहकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया।

माय भारत जशपुर द्वारा सेवा पखवाड़ा के तहत आयोजित इन गतिविधियों के माध्यम से युवाओं को सामाजिक सेवा, स्वच्छता और जनजागरूकता से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। ‘स्वच्छ गांव-स्वस्थ गांव, नशामुक्त समाज’ के संदेश के साथ युवाओं ने सामाजिक जिम्मेदारी और जनभागीदारी को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here