नशे के नेटवर्क पर रायपुर पुलिस की सर्जिकल स्ट्राइक, करोड़ों के ड्रग्स किए नष्ट

0
145

नशे के नेटवर्क पर रायपुर पुलिस की सर्जिकल स्ट्राइक, करोड़ों के ड्रग्स किए नष्ट

रायपुर, 16 मई 2026 – रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के सेंट्रल जोन द्वारा नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए विभिन्न मामलों में जब्त लगभग 5.65 करोड़ रुपये मूल्य के मादक पदार्थों का विधिवत नष्टीकरण किया गया। यह कार्रवाई सिलतरा स्थित M/S SMS Watergrace Enviroprotect Private Limited में जिला स्तरीय औषधि निपटान समिति की निगरानी में संपन्न हुई।

पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला (IPS) के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्रवाई की अध्यक्षता डीसीपी सेंट्रल जोन उमेश प्रसाद गुप्ता ने की। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त तारकेश्वर पटेल और जिला आबकारी अधिकारी राजेश कुमार शर्मा भी मौजूद रहे।

पुलिस के अनुसार, सेंट्रल जोन के विभिन्न थानों में दर्ज कुल 97 प्रकरणों में जब्त मादक पदार्थों को कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद नष्ट किया गया। इनमें करीब 494 किलोग्राम गांजा, 11,964 कैप्सूल और टेबलेट, 11.217 किलोग्राम चरस, ब्राउन शुगर, एमडीएमए ड्रग्स और कोकेन जैसी खतरनाक नशीली सामग्री शामिल थी।

नष्ट किए गए मादक पदार्थ:

  • 494 किलोग्राम गांजा

  • 11,964 कैप्सूल/टेबलेट

  • 11.217 किलोग्राम चरस

  • 31.95 ग्राम ब्राउन शुगर

  • 24.24 ग्राम एमडीएमए

  • 8.19 ग्राम कोकेन

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नष्टीकरण से पहले पर्यावरणीय अनुमति, एनओसी और अन्य आवश्यक वैधानिक प्रक्रियाएं पूरी की गई थीं। पूरी कार्रवाई सुरक्षा और पर्यावरण मानकों का पालन करते हुए की गई तथा इसकी वीडियोग्राफी और दस्तावेजीकरण भी कराया गया।

रायपुर पुलिस ने इसे नशे के खिलाफ बहुआयामी रणनीति का हिस्सा बताया। पुलिस केवल तस्करों और अवैध कारोबारियों की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं है, बल्कि PIT-NDPS कानून के तहत निरोधात्मक कार्रवाई और वित्तीय जांच के जरिए ड्रग नेटवर्क की आर्थिक जड़ों पर भी कार्रवाई कर रही है।

पुलिस प्रशासन ने कहा कि मादक पदार्थों का समयबद्ध और पारदर्शी नष्टीकरण नशे के पूरे तंत्र पर नियंत्रण स्थापित करने की दिशा में अहम कदम है। रायपुर पुलिस ने नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए लगातार सख्त कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here