
दो दिन तक चली सघन कार्रवाई में 7 बदमाशों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई, 2 स्थाई और 3 गिरफ्तारी वारंट किए गए तामील
रायपुर में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पश्चिम जोन पुलिस ने गुंडा एवं निगरानी बदमाशों के खिलाफ दो दिवसीय विशेष अभियान चलाया। इस दौरान 106 बदमाशों की सघन चेकिंग की गई और 68 की परेड कराई गई। पुलिस ने सात बदमाशों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की, जबकि दो स्थाई और तीन गिरफ्तारी वारंट तामील किए गए।
पुलिस उपायुक्त (पश्चिम जोन) रॉबिन्सन गुरिया के निर्देशन एवं मार्गदर्शन तथा अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राहुल देव शर्मा की मॉनिटरिंग में यह अभियान चलाया गया। पश्चिम जोन के पुलिस राजपत्रित अधिकारियों के निर्देशन और संबंधित थाना प्रभारियों के नेतृत्व में पुरानी बस्ती, डी.डी. नगर, आमानाका, आजाद चौक, सरस्वती नगर, कबीर नगर, न्यू राजेंद्र नगर, टिकरापारा और मुजगहन थाना क्षेत्रों की पुलिस टीमों ने कार्रवाई की।
बदमाशों की गतिविधियों पर रखी गई नजर
अभियान के दौरान थाना क्षेत्रों में रहने वाले गुंडा एवं निगरानी बदमाशों को थाने बुलाकर उनकी वर्तमान गतिविधियों, रहन-सहन और आपराधिक गतिविधियों में संलिप्तता के संबंध में जानकारी जुटाई गई। इस दौरान उनकी परेड भी कराई गई।
पुलिस ने सभी बदमाशों को किसी भी तरह की आपराधिक गतिविधि से दूर रहने, क्षेत्र में शांति एवं सामाजिक सौहार्द बनाए रखने और थाना में उपस्थित होने के निर्देश पर तत्काल पहुंचने की समझाइश दी। साथ ही भविष्य में किसी भी अपराध में संलिप्त पाए जाने पर कड़ी वैधानिक कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
सक्रिय बदमाशों और फरार वारंटियों पर कार्रवाई
विशेष अभियान के दौरान लगातार आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहने वाले सक्रिय गुंडा एवं निगरानी बदमाशों को चिन्हांकित किया गया। उनके खिलाफ प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई। इसके अलावा फरार वारंटियों की पतासाजी कर दो स्थाई और तीन गिरफ्तारी वारंट तामील किए गए।
पश्चिम जोन पुलिस ने बताया कि अपराध नियंत्रण और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए इस तरह के विशेष चेकिंग अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।


















