छत्तीसगढ़ में अगले चार दिन झमाझम बारिश के आसार, कई जिलों में बिजली गिरने की चेतावनी

0
18

रायपुर छत्तीसगढ़ में एक बार फिर मानसून सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। खराब मौसम के दौरान लोगों को खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी गई है।

मौसम विभाग के अनुसार, 16 से 20 जुलाई तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहेगा। 17 और 18 जुलाई को कई जिलों में तेज बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना है, जबकि 19 और 20 जुलाई को भी हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है।

लगातार बारिश के कारण प्रदेश में गर्मी और उमस से राहत मिलने की उम्मीद है। अगले तीन दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज हो सकती है। राजधानी रायपुर समेत कई शहरों में सुबह से बादल छाए रहे और रुक-रुक कर बारिश होने से मौसम सुहावना बना हुआ है।

मौसम विभाग ने बताया कि उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के क्षेत्र के प्रभाव से नमी वाली हवाएं सक्रिय हुई हैं। इसी वजह से प्रदेश में मानसून ने फिर रफ्तार पकड़ ली है और आगामी दिनों में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है।

प्रदेश में इस मानसून सीजन के दौरान अब तक सामान्य से लगभग 30 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की गई है। मौसम विभाग को उम्मीद है कि सक्रिय हुए इस नए सिस्टम से बारिश की कमी काफी हद तक पूरी हो सकती है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here