
रायपुरबलरामपुर-रामानुजगंज जिले के लोगों को जल्द रेलवे टिकट आरक्षण की सुविधा मिलने की उम्मीद है। आदिम जाति एवं कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने बुधवार को दिल्ली में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर बलरामपुर जिला मुख्यालय में रेलवे रिजर्वेशन काउंटर शुरू करने की मांग रखी।
मंत्री नेताम ने केंद्रीय रेल मंत्री को मांग पत्र सौंपते हुए जिले में जल्द से जल्द रिजर्वेशन काउंटर शुरू कराने का आग्रह किया। उनकी मांग पर अश्विनी वैष्णव ने सहमति जताते हुए जल्द सुविधा शुरू करने का आश्वासन दिया।
हजारों यात्रियों को मिलेगी राहत
मंत्री नेताम ने पत्र में बताया कि बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में रेलवे रिजर्वेशन काउंटर नहीं होने के कारण आम नागरिकों, विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों और मरीजों सहित हजारों यात्रियों को टिकट आरक्षित कराने के लिए दूसरे शहरों का रुख करना पड़ता है। इससे लोगों को अतिरिक्त समय और धन खर्च करना पड़ता है।
लंबे समय से की जा रही थी मांग
क्षेत्र के नागरिकों और जनप्रतिनिधियों की ओर से लंबे समय से जिला मुख्यालय में रेलवे रिजर्वेशन काउंटर खोलने की मांग की जा रही है। बढ़ती आबादी, यात्रा की जरूरतों और क्षेत्र में हो रहे विकास को देखते हुए इस सुविधा की आवश्यकता और बढ़ गई है।
मंत्री नेताम ने कहा कि बलरामपुर में रेलवे रिजर्वेशन काउंटर शुरू होने से जिले के हजारों यात्रियों को सुविधा मिलेगी और उन्हें टिकट आरक्षण के लिए दूर-दराज के शहरों में जाने की परेशानी से राहत मिलेगी।


















