
जब्त सामान की अब ऑनलाइन एंट्री और ट्रैकिंग, मैनुअल रिकॉर्ड पर घटेगी निर्भरता
रायपुर रायपुर कमिश्नरेट के मध्य जोन के सभी सात थानों में ई-मालखाना प्रणाली लागू कर दी गई है। थाना सिविल लाइन में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अमित कांबले ने ई-मालखाना व्यवस्था का शुभारंभ किया।
इसके साथ ही कोतवाली, मौदहापारा, गोलबाजार, देवेंद्र नगर, गंज, तेलीबांधा और सिविल लाइन थानों में जब्त संपत्ति के डिजिटल रिकॉर्ड की व्यवस्था शुरू हो गई है।
जब्त सामान की होगी डिजिटल एंट्री
ई-मालखाना प्रणाली के तहत थानों में जब्त सामान की ऑनलाइन एंट्री की जाएगी। इसके साथ ही रिकॉर्ड का व्यवस्थित रखरखाव और जब्त संपत्ति की सुरक्षित निगरानी सुनिश्चित की जाएगी। जरूरत पड़ने पर किसी भी जब्त सामान की जानकारी डिजिटल माध्यम से आसानी से ट्रैक की जा सकेगी।
पुलिस के अनुसार, डिजिटल व्यवस्था लागू होने से मालखाने के प्रबंधन में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ेगी। साथ ही मैनुअल रिकॉर्ड पर निर्भरता कम होने से जब्त संपत्ति की निगरानी और रिकॉर्ड संधारण अधिक प्रभावी तरीके से किया जा सकेगा।
इस अवसर पर डीसीपी मध्य जोन तारकेश्वर पटेल, एडिशनल डीसीपी विवेक शुक्ला, एसीपी रमाकांत साहू, सिविल लाइन थाना प्रभारी यामन देवांगन सहित अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।


















