
रायपुर मंदिर हसौद थाना क्षेत्र में लावारिस हालत में मिले करीब 10 दिन के नवजात शिशु को डायल-112 की टीम ने तत्काल अस्पताल पहुंचाकर सुरक्षित कराया। नवजात मोनेट रोड स्थित चिरकुतहीन माता मंदिर के पास मिला था।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
पुलिस के मुताबिक, सुबह करीब 6:37 बजे डायल-112 टीम को नवजात के लावारिस अवस्था में मिलने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची।
मौके पर करीब 10 दिन का नवजात शिशु मिला, जिसे अज्ञात व्यक्ति वहां छोड़कर चला गया था।
तत्काल अस्पताल पहुंचाया
पुलिस टीम ने मानवीय संवेदनशीलता दिखाते हुए नवजात को सुरक्षित अपने वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC), मंदिर हसौद पहुंचाया। चिकित्सकीय जांच के बाद उसे शिशु वार्ड में भर्ती कराया गया, जहां उसकी आवश्यक देखभाल की जा रही है।
अज्ञात व्यक्ति की तलाश जारी
पुलिस ने नवजात को मौके पर छोड़कर जाने वाले अज्ञात व्यक्ति की पहचान के लिए जांच शुरू कर दी है। साथ ही नवजात की सुरक्षा और उचित देखभाल के लिए संबंधित विभाग को भी सूचना दी गई है।
इस कार्रवाई में पुलिसकर्मी आर. राजेश यादव और चालक टिकेंद्र साहू की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


















