
खारी बावली, मिठाई पुल और पीली कोठी में एमसीडी-पुलिस का संयुक्त अभियान, वर्षों से जमे अतिक्रमण हटाए गए
नई दिल्ली । राजधानी दिल्ली में अवैध अतिक्रमण और यातायात जाम की समस्या से लोगों को राहत दिलाने के लिए नगर निगम (एमसीडी) और दिल्ली पुलिस ने पुरानी दिल्ली के विभिन्न इलाकों में विशेष अभियान चलाया। इस दौरान खारी बावली, मिठाई पुल और पीली कोठी समेत कई स्थानों पर वर्षों से किए गए अवैध कब्जों को हटाया गया।
व्यापारियों की शिकायत के बाद हुई कार्रवाई
जानकारी के मुताबिक, चांदनी चौक के सांसद प्रवीण खंडेलवाल और भाजपा नेता प्रवीण शंकर कपूर के नेतृत्व में व्यापारियों के प्रतिनिधिमंडल ने हाल ही में बैठक कर मुख्यमंत्री के सामने अतिक्रमण और जाम की समस्या उठाई थी।
इसके बाद मुख्यमंत्री के निर्देश पर एमसीडी और दिल्ली पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की। अभियान के तहत संबंधित इलाकों से अवैध कब्जे हटाए गए।
अतिक्रमण हटने से यातायात सुगम होने और स्थानीय व्यापारियों व आम लोगों को जाम की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, अभियान के बाद संबंधित क्षेत्रों को अतिक्रमण मुक्त करा लिया गया है।












