
नागरिक सुरक्षा विभाग ने किया अग्निशमन और आपदा प्रबंधन का अभ्यास, फायरमैन लिफ्ट सहित विभिन्न तकनीकों का प्रदर्शन; कलेक्टर और एसपी रहे मौजूद
श्रीगंगानगर । औद्योगिक क्षेत्रों में आगजनी जैसी आपातकालीन घटनाओं से निपटने और संभावित जनहानि को कम करने के उद्देश्य से बुधवार को श्रीगंगानगर में अग्निशमन एवं आपदा प्रबंधन की मॉक ड्रिल आयोजित की गई। नागरिक सुरक्षा विभाग की ओर से गंगानगर शुगर मिल के रीको स्थित डिपो में हुए इस अभ्यास में फैक्ट्री में भीषण आग लगने की काल्पनिक स्थिति तैयार की गई।
मॉक ड्रिल में दो लोगों को मृत और आठ लोगों को घायल दर्शाया गया। सूचना मिलते ही बचाव एवं राहत दल सक्रिय हुए और तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।
आग बुझाने से लेकर घायलों को अस्पताल पहुंचाने का अभ्यास
अभ्यास के दौरान बचाव दलों ने आग पर काबू पाने, प्रभावित क्षेत्र से लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने और घायलों को प्राथमिक उपचार देने की प्रक्रिया का प्रदर्शन किया। इसके बाद घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था का भी अभ्यास किया गया।
रेस्क्यू की आधुनिक तकनीकों का प्रदर्शन
नागरिक सुरक्षा दल ने बचाव अभियान के दौरान फायरमैन लिफ्ट, स्ट्रेचर ऑन स्लाइडिंग और चेयरमैन नॉट जैसी तकनीकों का प्रदर्शन किया। इनके माध्यम से ऊंचाई और दुर्गम स्थानों पर फंसे घायल एवं असहाय लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने की प्रक्रिया समझाई गई।
कलेक्टर और एसपी ने लिया जायजा
मॉक ड्रिल का उद्देश्य विभिन्न विभागों के बीच समन्वय बेहतर करना, आपात स्थिति में प्रतिक्रिया समय कम करना और बचाव दलों की तैयारियों का आकलन करना था। इस दौरान जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने राहत एवं बचाव कार्यों की प्रक्रिया का जायजा लिया।
अभ्यास के जरिए बचाव दलों को अपनी कार्यप्रणाली परखने और आपसी तालमेल मजबूत करने का अवसर मिला। ऐसे मॉक ड्रिल औद्योगिक इकाइयों में आगजनी और अन्य आपदाओं के दौरान त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने में मददगार होते हैं।













